क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय सहयोग पर ईरान व रूस का बल
ईरान व रूस ने क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तपर पर आपसी सहयोग पर बल दिया है।
ईरान के उप विदेश मंत्री अब्बास इराक़ची ने रूस में ईरान के राजदूत महदी सनाई के साथ शुक्रवार को रूसी उप विदेश मंत्री सेर्गेई रियाबकोफ़ से माॅस्को में मुलाक़ात की। इस मुलाक़ात में दोनों पक्षों ने अहम राजनैतिक, क्षेत्रीय, अंतर्राष्ट्रीय और इसी तरह आपसी संबंधों के बारे में विचार विमर्श किया। इस अवसर पर इराक़ची ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में ईरान व रूस का आपसी सहयोग अच्छे स्तर पर है और अधिकतर मामलों में दोनों का रुख़ एक जैसा है। उन्होंने कहा कि संसार की अधिकतर समस्याओं का कारण अमरीका व उसके कुछ क्षेत्रीय घटकों की ग़लत नीतियां हैं। ईरान के उप विदेश मंत्री ने परमाणु समझौते के बारे में रूस के रुख़ का स्वागत करते हुए कहा कि जेसीपीओए, कूटनैतिक उपलब्धि है और अमरीका, इसे समाप्त करने की कोशिश करके विश्व स्तर पर कूटनीति को कमज़ोर कर रहा है।
इस मुलाक़ात में रूस के उप विदेश मंत्री सेर्गेई रियाबकोफ़ भी ईरान व रूस के बीच राजनैतिक वार्ता के विस्तार पर बल देते हुए कहा कि ये वार्ताएं न केवल दोनों देशों के लिए बहुत अहम हैं बल्कि क्षेत्र व संसार में शांति व प्रगति में भी इनकी अहम भूमिका है। उन्होंने कहा किरूस व ईरान दो विश्वस्त साझीदार हैं और हम विश्व स्तर पर ईरान के समर्थन व सहयोग का आभार प्रकट करते हैं। रूस के उप विदेश मंत्री ने कहा कि हम ईरान के ख़िलाफ़ अमरीका के एकपक्षीय प्रतिबंधों को रोकने की कोशिश जारी रखेंगे और हम परमाणु समझौते के क्रियान्वयन का भी दृढ़ संकल्प रखते हैं। (HN)