ईरान ने किया विशाल ड्रोन जेट का अनावरण+फ़ोटो
इस्लामी गणतंत्र ईरान ने अपने पहले विशाल आकार के ड्रोन जेट का अनावरण किया है। यह ड्रोन जेट ईरान की सशस्त्र फ़ोर्सेज़ द्वारा तैयार किए गए उपकरणों की प्रदर्शनी में रखा गया।
यह ड्रोन जेट दरअस्ल टी-33 प्रशिक्षण विमान का चालक रहित नमूना है जिसे बड़े ड्रोन जेट के रूप में डेवलप किया गया है।
ड्रोन विमान को शक्तिशाली कैमरों से लैस किया गया है। ड्रोन विमान में जीपीएस और ग्लूनास सिस्टम लगे हुए हैं और आधुनिक ट्रांसमीटर स्थापित किया गया है जो कंट्रोल रूम को डेटा भेजता रहता है। इसके अलावा तसवीरें और जानकारियां ख़ुद ड्रोन के भीतर लगे सिस्टम में भी रिकार्ड होती रहती हैं।
इस ड्रोन में जे-85 इंजन लगाया गया है।
इस्लामी गणतंत्र ईरान ने जेट विमान की तकनीक में भी तेज़ी के साथ उन्नति की है और ईरान अलग अलग प्रकार के आधुनिक ड्रोन बना रहा है।
ईरान की इस्लामी क्रान्ति 11 फ़रवरी को सफल हुई थी जबकि इसके दस दिन पहले इस्लामी क्रांति के संस्थापक इमाम ख़ुमैनी निर्वासन समाप्त करके स्वदेश लौटे थे। इस अवसर पर हर साल ईरान में अलग अलग क्षेत्रों में होने वाली प्रगति और आविष्कार को जनता के सामने पेश किया जाता है और यह जायज़ा लिया जाता है कि ईरान ने एक साल में कितना विकास किया है।
इस्लामी गणतंत्र ईरान की जनता इस साल इस्लामी क्रान्ति की 40वीं वर्षगांठ मना रही है तो लोगों में अलग प्रकार का उत्साह पाया जाता है।