ईरान का संसार में सबसे रणनैतिक संबंध चीन से हैः ज़रीफ़
विदेश मंत्री ने ईरान व चीन के संबंधों के महत्व की तरफ़ इशारा करते हुए कहा है कि पूरे संसार में ईरान के सबसे रणनैतिक संबंध चीन से हैं।
मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने मंगलवार को बीजिंग में अपने चीनी समकक्ष वाॅंग यी से मुलाक़ात में ईरान के संसद सभापति डाॅक्टर अली लारीजानी की चीन यात्रा को एक नई शुरुआत बताया और कहा कि चीन, ईरान के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण देश है और उसकी विदेश नीति में चीन की बड़ी अहम भूमिका है। ज़रीफ़ ने इस बात का उल्लेख करते हुए कि संसद सभापति के साथ एक उच्च स्तरीय शिष्टमंडल ने चीन की यात्रा की है, कहा कि यह यात्रा दोनों देशों के संबंधों में एक नई शुरुआत है और बीजिंग के प्रति तेहरान की रणनैतिक दृष्टि को प्रतिबिंबित करती है। इस मुलाक़ात में चीन के विदेश मंत्री वाॅंग यी ने भी दोनों देशों के संबंधों के महत्व पर बल दिया।
ईरान के संसद सभापति अपने चीनी समकक्ष के निमंत्रण पर मंगलवार को बीजिंग पहुंचे हैं। उन्होंने बीजिंग पहुंचने पर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि वे संसदीय वार्ता के अलावा दोनों देशों के राजनैतिक, वैज्ञानिक व आर्थिक संबंधों को मज़बूत बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों के बारे में बात-चीत करेंगे। इस यात्रा में विदेश मंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़, पेट्रोलियम मंत्री बीजन नामदार ज़ंगने, वित्तमंत्री फ़रहाद देज पसंद और केंद्रीय बैंक के प्रमुख अब्दुन्नासिर हिम्मती समेत एक उच्च स्तरीय शिष्ट मंडल भी उनके साथ है। (HN)