बश्शार असद का तेहरान दौरा, ईरान की शक्ति का प्रदर्शन
तेहरान की नमाज़े जुमा के इमाम ने कहा है कि सीरिया के राष्ट्रपति का तेहरान का दौरा, एक एेतिहासिक व अभूतपूर्व घटना और क्षेत्र में ईरान की शक्ति का प्रदर्शन था।
आयतुल्लाह मुहम्मद अली मुवह्हेदी किरमानी ने नमाज़े जुमा के ख़ुतबों में सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद की हालिया तेहरान यात्रा की ओर इशारा किया और कहा कि यह यात्रा संसार के राजनैतिक हल्क़ों में चर्चा का सबसे बड़ा विषय बन गई और इसने सिद्ध कर दिया कि क्षेत्र में अमरीकी व पश्चिमी गठजोड़ के गुप्तचर विभाग के बड़े बड़े दावों के बावजूद सीरियाई सरकार के पास पर्याप्त स्थिरता व शक्ति है। उन्होंने कहा कि ज़ायोनी शासन और क्षेत्र में अमरीका के घटकों के लिए बश्शार असद के तेहरान के दौरे का संदेश भी बहुत स्पष्ट था कि सीरिया में ईरान की सैन्य परामर्शदाता के रूप में उपस्थिति जारी रहेगी और इस संबंध में अमरीका व उसके घटकों के दबाव का कोई प्रभाव नहीं है।
तेहरान के अस्थायी इमामे जुमा ने कहा कि सीरिया के राष्ट्रपति ने अपने देश की जनता की स्वाधीनता व सम्मान और ईरान के संबंधों का पैसों से सौदा नहीं किया और वे अब भी इस्लामी गणतंत्र ईरान के साथ आर्थिक व सांस्कृतिक संबंधों को मज़बूत बनाए जाने के इच्छुक हैं। उन्होंने इसी तरह पोलैंड में ईरान विरोधी बैठक के बारे में कहा कि स्वयं अमरीकियों का कहना है कि यह बैठक आयोजन से पहले ही विफल हो गई थी इसमें पश्चिमी देशों की अनुपस्थिति ने इसे मूल्यहीन बना दिया था। आयतुल्लाह मुहम्मद अली मुवह्हेदी किरमानी ने बल देकर कहा कि अमरीका की शक्ति खोखली है और अपने घटकों के बीच भी वह विश्वास का पात्र नहीं है। (HN)