इन्सटेक्स के बारे में ईरान और यूरोप की महत्वपूर्ण वार्ता,
इस्लामी गणतंत्र ईरान की राजधानी तेहरान में मंगलवार को ईरान और यूरोप के बीच नई वित्तीय व्यवस्था के बारे में बातचीत शुरू हो गई है।
फ़्रांस, जर्मनी, ब्रिटेन और यूरोपीय संघ के प्रतिनिधि तेहरान के दौरे पर आए हैं जहां ईरान और यूरोप के बीच व्यापारिक लेनदेन को सपोर्ट करने वाले वित्तीय सिस्टम इन्सटेक्स के बारे में वार्ता हो रही है।
Instrument in Support of Trade Exchanges के नाम की यह वित्तीय व्यवस्था अमरीका के प्रतिबंधों से बचते हुए व्यापार को जारी रखने के उद्देश्य से बनाई गई है।
वर्ष 2015 में ईरान के साथ अमरीका, फ़्रांस, ब्रिटेन, जर्मनी, चीन और रूस का परमाणु समझौता हुआ था जिससे अमरीका की ट्रम्प सरकार बाहर निकल गई लेकिन अन्य देशों ने परमाणु समझौते को बाक़ी रखने का निर्णय लिया। यूरपीय देशों ने अमरीका के भारी दबाव के बावजूद परमाणु समझौते पर अमल जारी रखने की घोषणा की और इसी के तहत नई वित्तीय व्यवस्था बनाई गई है। यूरोप चाहता है कि ईरान से उसका व्यापार चलता रहे और यदि अमरीका किसी कंपनी पर प्रतिबंध लगाने की कोशिश करे तो इस नई वित्तीय व्यवस्था की मदद से उस कंपनी को अमरीकी प्रतिबंधों से बचाया जा सके।