शत्रु कभी अपना लक्ष्य प्राप्त नहीं कर पाएंगेः रूहानी
राष्ट्रपति रूहानी ने कहा है कि ईरान के शत्रु कभी अपना लक्ष्य प्राप्त नहीं कर पाएंगे।
डाक्टर हसन रुहानी का कहना है कि शत्रुओं ने ईरान को क्षति पहुंचाने के लिए हर प्रकार के हथकण्डे प्रयोग किए किंतु वे अपने किसी भी हथकण्डे में सफल नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि वे ईरान के विरुद्ध किसी भी लक्ष्य को प्राप्त नहीं कर पाएंगे। राष्ट्रपति हसन रूहानी ने सोमवार को मंत्रीमण्डल की बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि अमरीकी, तेहरान वापस आकर जनता पर वर्चस्व स्थापित करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि ईरान की संघर्षकर्ता जनता अपने प्रतिरोध से एसा कभी नहीं होने देगी। हसन रूहानी का कहना है कि अमरीकियों ने ईरान के विरुद्ध कड़े प्रतिबंध लगाए और वे सोचते हैं कि इन प्रतिबंधों को जारी रखकर वे अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकेंगे किंतु यह संभव नहीं है।
ईरान के राष्ट्रपति रूहान ने मानवता के विरुद्ध अमरीका के अपराधों की ओर संकेत करते हुए स्पष्ट किया कि मानवता के विरुद्ध अमरीकी अपराधों के कारण तेहरान, अमरीकी अधिकारियों के विरुद्ध शिकायत करेगा। उन्होंने कहा कि सरकार, शत्रु से मुक़ाबले के लिए अपनी पूरी क्षमता का प्रयोग कर रही है और यह प्रक्रिया सफलता तक जारी रहेगी।