अमरीका आतंकवाद का समर्थन बंद करे, मूसवी
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने तेहरान विरोधी अमरीकी विदेश मंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि विश्व में अमरीका का विरोध बढ़ता जा रहा है, इसलिए अमरीकी अधिकारियों को अपना व्यवहार बदलने की ज़रूरत है।
अमरीकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ने टेक्सास ए एंड एम यूनिवर्सिटी में ईरान पर आतंकवाद के समर्थन और क्षेत्र एवं विश्व में विध्वंसकारी नीतियों को अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि अमरीका, ईरान के व्यवहार में परिवर्तन आने तक दबाव की नीति अपनाता रहेगा।
बुधवार को ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैय्यद अब्बास मूसवी ने कहा, जैसे जैसे समय बीत रहा है, अमरीकी अधिकारी अपने विचारों को खुलकर बयान कर रहे हैं और ईरान में निज़ाम या व्यवस्था के परिवर्तन की धमकियां दे रहे हैं।
उन्होंने कहा, अमरीका न केवल आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि आर्थिक आतंकवाद के कारण उसने करोड़ों निर्दोष लोगों के जीवन को दांव पर लगा दिया है। msm