अमेरिका ने एक बार फिर अपनी तुच्छता दिखा दीः आयतुल्लाह ख़ातमी
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i74470-अमेरिका_ने_एक_बार_फिर_अपनी_तुच्छता_दिखा_दीः_आयतुल्लाह_ख़ातमी
इस्लामी गणतंत्र ईरान के गार्जियन काउंसिल के प्रवक्ता ने अमेरिका और कुछ यूरोपीय देशों की ओर से ईरान के बाढ़ पीड़ितों को सहायता देने के रास्ते में बाधाएं उत्पन्न करने की ओर इशारा करते हुए कहा कि इस तरह के क़दम से उनकी तुच्छता और मानवता के ख़िलाफ़ उनके षड्यंत्रों से पर्दा उठ गया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Apr १७, २०१९ ०९:३३ Asia/Kolkata
  • अमेरिका ने एक बार फिर अपनी तुच्छता दिखा दीः आयतुल्लाह ख़ातमी

इस्लामी गणतंत्र ईरान के गार्जियन काउंसिल के प्रवक्ता ने अमेरिका और कुछ यूरोपीय देशों की ओर से ईरान के बाढ़ पीड़ितों को सहायता देने के रास्ते में बाधाएं उत्पन्न करने की ओर इशारा करते हुए कहा कि इस तरह के क़दम से उनकी तुच्छता और मानवता के ख़िलाफ़ उनके षड्यंत्रों से पर्दा उठ गया है।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, इस्लामी गणतंत्र ईरान के गार्जियन काउंसिल के प्रवक्ता आयतुल्लाह सैयद अहमद ख़ातमी ने काउंसिल की एक उच्चस्तरीय बैठक के बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि, दुनिया में आप देखेंगे कि जो आपस में लड़ते और युद्ध करते हैं वे भी मानवीय मुद्दों पर एक-दूसरे का सहयोग करते हुए दिखाई देते हैं, लेकिन अमेरिका और उसके सहयोगियों ने इंसानी हमदर्दी के नाम पर न केवल ईरान के बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद नहीं की बल्कि मानवताप्रेमी सहायताओं के रास्ते में बधाएं भी उत्पन्न की हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका और उसके सहयोगियों का यह कार्य उसकी तुच्छता को दर्शाता है।

आयतुल्लाह सैयद अहमद ख़ातमी ने अमेरिका की ओर से इस्लामी क्रान्ति संरक्षक बल (आईआरजीसी) को आतंकवादी गुटों की सूची में शामिल करने की शत्रुतापूर्ण कार्यवाही को मूर्खतापूर्ण क़दम बताते हुए कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा इस तरह की, की जाने वाली कार्यवाहियों ने देश के साथ-साथ पूरी दुनिया में आईआरजीसी के लिए और अधिक सम्मान पैदा कर दिया है। उन्होंने कहा कि ईरान की जनता अपने सशस्त्र बलों विशेषकर आईआरजीसी के प्रति पूरा विश्वास है और अमेरिका की कार्यवाही के बाद देश की जनता ने आईआरजीसी के समर्थन में सड़कों पर निलकर व्हाइट हाउस में बैठे लोगों के मुंह पर एक ज़ोरदार तमाचा लगाया है।

उल्लेखनीय है कि इस्लामी गणतंत्र ईरान के उत्तरी और पश्चिमी क्षेत्र भीषण बाढ़ की चपेट में हैं जिससे 70 से अधिक लोग मारे गए दसियों अन्य घायल हुए और बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में भारी नुक़सान हुआ है।

ज्ञात रहे कि अमरीकी सरकार ने 8 अप्रैल 2019 को ईरान के विरुद्ध दबाव बढ़ाने के उद्देश्य से आईआरजीसी के नाम को तथाकथित आतंकवादी सूची में डाल दिया है। (RZ)