आतंकवाद एक अंतर्राष्ट्रीय ख़तरा हैः ज़रीफ़
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने श्रीलंका में होने वाले आतंकी हमलों की निंदा करते हुए इस देश की सरकार, जनता और विशेषकर हताहत होने वालों के परिजनों से सहृदयता व्यक्त की है।
मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने रविवार को ट्वीट किया कि आतंकवाद एक अंतर्राष्ट्रीय ख़तरा है जिसका सबको मुक़ाबला करने की आवश्यकता है।
ईरान के विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने कहा कि सब को चाहिए कि आतंकवाद की निंदा और इसका मुक़ाबला करें।
इससे पहले ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अब्बास मूसवी ने भी श्रीलंका में होने वाले बम धमाकों को आतंकवादी कार्यवाही क़रार देते हुए आतंकवाद के विरुद्ध विश्व समुदाय के एकजुट संकल्प और कार्यवाही की आवश्यकता पर बल दिया था।
उन्होंने कहा कि आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता और हर प्रकार का आतंकवाद निंदनीय है और इस अभिशाप को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए विश्व समुदाय के एकजुट होने और उसकी प्रभावी कार्यवाही की आवश्यकता है।
ज्ञात रहे कि श्रीलंका में सिलसिलेवार धमाकों में मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार मरने वालों की संख्या 187 से पार हो गई है जबकि 500 से अधिक घायल हैं जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। (AK)