ईरान ने वेनेज़ोएला में विद्रोह हेतु अमेरिकी प्रयास की भर्त्सना की
विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि खेद के साथ कहना पड़ता है कि विश्व की शांति व सुरक्षा को अमेरिकी सरकार में बैठे कुछ युद्धोन्मादी लोगों से खतरा है
ईरान ने वेनेज़ोएला में विद्रोह कराने हेतु अमेरिकी प्रयास की भर्त्सना की है। विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अब्बास मूसवी ने गुरूवार को कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान वेनेज़ोएला में सैनिक विद्रोह कराने हेतु अमेरिकी प्रयास और इस देश में हिंसा व अशांति उत्पन्न करने के लिए अमेरिकी अधिकारियों के भाषणों की भर्त्सना करता है।
विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने वेनेज़ोएला के खिलाफ बल प्रयोग से संबंधित ख़बरों की प्रतिक्रिया में कहा कि दूसरे देशों के खिलाफ बल प्रयोग की धमकी अंतरराष्ट्रीय विशेषकर राष्ट्रसंघ के कानूनों का उल्लंघन है। सैयद अब्बास मूसवी ने आगे कहा कि राष्ट्रसंघ के महासचिव और विश्व समुदाय के दूसरे सदस्यों से अपेक्षा है कि वे इस प्रकार के वक्तव्यों की भर्त्सना करेंगे और उसके प्रति उचित प्रतिक्रिया दिखायेंगे।
विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि खेद के साथ कहना पड़ता है कि विश्व की शांति व सुरक्षा को अमेरिकी सरकार में बैठे कुछ युद्धोन्मादी लोगों से खतरा है और आवश्यकता इस बात की है कि विश्व समुदाय के समस्त सदस्यों को इस प्रकार की कार्यवाहियों को नियंत्रित करने की दिशा में कदम उठाना चाहिये।
ज्ञात रहे कि वेनेज़ोएला में विपक्षी नेता ख़्वान ग्वाइडो ने अमेरिकी समर्थन से अपने समर्थकों और इस देश की सशस्त्र सेना का आह्वान किया था कि वे निकोलस मादरो की सरकार के खिलाफ सशस्त्र विद्रोह कर दे परंतु वेनेज़ोएला की जनता और सैनिकों ने उनकी मांग का सकारात्मक जवाब नहीं दिया जिसकी वहज से ख्वान ग्वाइडो का सीमित विद्रोह विफल हो गया।
उधर वेनेज़ोएला के राष्ट्रपति निकोलस मादूरो ने इस देश के सैनिकों का आह्वान किया है कि वे विद्रोहियों के खिलाफ कार्यवाही करें। निकोलस मादूरो ने गुरूवार को सैनिकों के मध्य भाषण देते हुए कहा कि हमें व्यापक युद्ध का सामना है। उन्होंने कहा कि समस्त विद्रोहियों और विश्वासघातियों को निरस्त्र किया जाना चाहिये। मादूरो ने बल देकर कहा कि किसी को भी नहीं डरना चाहिये और इस समय शांति से बचाव का समय है।
इसी मध्य वेनेज़ोएला के विदेशमंत्री ने अपने अमेरिकी समकक्ष माइक पोम्पियो के उस भड़काऊ वक्तव्य की भर्त्सना की है जिसमें उन्होंने काराकास के विरुद्ध बल प्रयोग की संभावना प्रकट की थी। खूरखे आरीज़ा ने माइक पोम्पियो के वक्तव्यों को राष्ट्रसंघ के घोषणा पत्र के खिलाफ बताया। उन्होंने अमेरिका की सैनिक धमकी को वेनेज़ोएला में विद्रोह के विफल हो जाने का परिणाम बताया।
ज्ञात रहे कि अमेरिकी विदेशमंत्री ने मंगलवार को फाक्स न्यूज़ के साथ इंटरव्यू में कहा था कि ज़रूरत पड़ने की स्थिति में वाशिंग्टन सैनिक कार्यवाही करके वेनेज़ोएला में फिर से डेमोक्रेसी बहाल करने के लिए तैयार है। MM