चाबहार क्षेत्र के देशों को जोड़ने वाली कड़ी हैः ज़रीफ़
विदेशमंत्री ने बल देकर कहा कि ईरान की चाबहार और पाकिस्तान की गवादर बंदरगाह एक दूसरे की प्रतिस्पर्धी नहीं बल्कि पूरक हैं
विदेशमंत्री मोहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने कहा है कि चाबहार बंदरगाह पाकिस्तान, अफगानिस्तान, चीन और ईरान के बीच संपर्क पुल है और वह क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
विदेशमंत्री ने कहा कि अफगानिस्तान के विकास के लिए केवल चाबहार का मार्ग सुरक्षित व संतोषजनक है और उसके माध्यम से इस देश की वस्तुओं को पूरी दुनिया में निर्यात किया जा सकता है।
विदेशमंत्री मोहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने स्पष्ट किया कि चाबहार क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण बंदरगाह है और वह इस्लामी गणतंत्र ईरान के लिए एक स्थिर व शांत बंदरगाह के रूप में विकास कर सकती है।
विदेशमंत्री ने इसी प्रकार अफगानिस्तान से चाबहार जाने वाली पहली खेप की ओर संकेत किया और कहा कि चाबहार बंदरगाह के माध्यम से अफगानिस्तान बड़े आराम से आयात- निर्यात कर सकता है।
विदेशमंत्री ने इसी प्रकार बल देकर कहा कि ईरान की चाबहार और पाकिस्तान की गवादर बंदरगाह एक दूसरे की प्रतिस्पर्धी नहीं बल्कि एक दूसरे की पूरक हैं और अगर वे एक दूसरे की प्रतिस्पर्धी होंगी तो दोनों बंदरगाहों को नुकसान उठाना पड़ेगा।
ज्ञात रहे कि विदेशमंत्री ने गुरूवार को चाबहार बंदरगाह का निरीक्षण किया था। MM