4 जून को मनाई जाएगी स्वर्गीय इमाम ख़ुमैनी की बरसी
इस्लामी गणतंत्र ईरान के संस्थापक स्वर्गीय इमाम ख़ुमैनी की 30वीं बरसी 4 जून 2019 को मनाई जाएगी।
4 जून को इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता आयतुल्लाहिल उज़्मा सैयद अली ख़ामेनेई के भाषण से स्वर्गीय इमाम ख़ुमैनी की बरसी के कार्यक्रम का आरंभ होगा। यह कार्यक्रम तेहरान में स्थित स्वर्गीय इमाम ख़ुमैनी के मज़ार पर आयोजित होगा।
प्रतिवर्ष इमाम ख़ुमैनी की बरसी से संबन्धित कार्यक्रम आयोजित करने वाली संस्था ने शनिवार को एक बयान जारी करके घोषणा की है कि 4 जून को मनाई जाने वाली बरसी में ईरानी जनता, देश के अधिकारी, इस्लामी देशों के राजदूत और विदेशी मेहमान उपस्थित होंगे। इस बयान में यह भी कहा गया है कि स्वर्गीय इमाम ख़ुमैनी की 30वीं बरसी इन परिस्थितियों में मनाई जाएगी कि जब विभिन्न षडयंत्रों तथा धमकियों के मुक़ाबले में ईरानी राष्ट्र के प्रतिरोध ने दुनिया को अचंभित कर दिया है। बयान के अनुसार ईरान की जनता, इस्लामी क्रांति की सफलता के पांचवे दशक के आरंभ में विगत की ही भांति अमरीका के अत्याचारपूर्ण प्रतिबंधों का मुक़ाबला करती रहेगी।