60 दिन की मोहलत किसी भी स्थिति में आगे नहीं बढ़ाएंगेः ईरान
ईरान ने कहा है कि 60 दिन की मोहलत किसी भी स्थिति में नहीं बढ़ाएंगे।
ईरान के उपविदेश मंत्री अब्बास इराक़ची ने योरोपीय संघ की विदेश नीति प्रभारी की सहयोगी हेल्गा श्मिद से मुलाक़ात के बाद कहा कि जेसीपीओए के पक्षों को अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करने के लिए ईरान की ओर से 60 दिन की दी गयी मोहलत किसी भी स्थिति में नहीं बढ़ायी जाएगी।
संवाददाता के अनुसार, अब्बास इराक़ची ने तेहरान में हेल्गा श्मिद से शनिवार को मुलाक़ात के बाद कहाः "तेहरान बार बार एक जैसे बयान की पुनरावृत्ति के लिए जेसीपीओए के आयोग की बैठक आयोजित नहीं करेगा।"
उन्होंने इस बात पर बल देते हुए कि तेहरान को अभी तक योरोप की ओर से महसूस होने वाले क़दम का इंतेज़ार है, कहा कि योरोप बैंकिंग, तेल, ऊर्जा, परिवहन और पूंजिनिवेश के क्षेत्र में ईरान के लिए रास्ता निकाल सकता है लेकिन अब तक उसने इस क्षेत्र में कुछ नहीं किया।
ईरान की परमाणु वार्ताकार टीम के वरिष्ठ सदस्य ने बल दिया कि अगर जेसीपीओए के पक्षों ने ईरान की मांग पूरी नहीं की तो 60 दिन पूरे होते ही ईरान अगला क़दम उठाएगा।
योरोपीय संघ की विदेश नीति प्रभारी फ़ेड्रीका मोग्रीनी की सहयोगी हेल्गा श्मिद ने शनिवार को अब्बास इराक़ची से तेहरान में भेंटवार्ता की।(MAQ/N)