स्वीज़रलैंड के राजदूत विदेश मंत्रालय में तलब हुए
अमरीकी विमान द्वारा ईरान की वायु सीमा का उल्लंघन होने पर आपत्ति जताने के लिए तेहरान में स्वीज़रलैंड के राजदूत विदेश मंत्रालय में तलब हुए।
स्वीज़रलैंड का दूतावास तेहरान में अमरीकी हितों की रक्षा के लिए काम करता है।
विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी मोहसिन बहारवंद ने शुक्रवार को स्वीज़रलैंड के राजदूत मार्कस लेटनर को विदेश मंत्रालय में तलब कर इस्लामी गणतंत्र ईरान की वायु सीमा का अमरीकी जासूसी विमान द्वारा उल्लंघन होने पर आपत्ति जतायी, अमरीका को इस तरह के भड़काउ क़दम के अंजाम के लिए ज़िम्मेदार ठहराया और आधिकारिक रूप से नोटिस दिया।
मोहसिन बहारवंद ने स्वीज़रलैंड के राजदूत को अमरीकी जासूसी विमान के अतिक्रमण और ईरान के भीतर जिस जगह उसे मार गिराया गया, उसका भौगोलिक ब्योरा दिया और कहा कि इस मार गिराए गए विमान का मलबा ईरान के जलक्षेत्र में मिला है जो सशस्त्र सेना के क़ब्ज़े में है, जिसे ज़रूरत पड़ने पर सार्वजिनक रूप से दिखाया जाएगा।
उन्होंने इस बात का उल्लेख करते हुए कि ईरान किसी देश के साथ जंग नहीं चाहता, बल दिया कि ईरान की सशस्त्र सेनाएं किसी भी तरह के अतिक्रमणकारी क़दम को सहन नहीं करेंगी, बल्कि उससे कड़ाई से निपटेंगीं।
बहारवंद ने कहा कि ईरानी सशस्त्र बल जहां तक मुमकिन है संयम से काम ले रहा है ताकि संवेदनशील फ़ार्स की खाड़ी और ओमान सागर में शांति व सुरक्षा क़ायम रहे, लेकिन अगर सामने वाले पक्ष ने भड़काउ क़दम उठाया तो उसे ऐसा जवाब मिलेगा जिसके बारे में उसने सोचा भी नहीं होगा।
स्वीज़रलैंड के राजदूत मार्कस लेटनर ने कहा कि वह ईरान की आपत्ति से वॉशिंग्टन को तुरंत सूचित करेंगे। (MAQ/N)