मूसवीः ट्रम्प अंतर्राष्ट्रीय प्रावधानों को ध्वस्त करने में जुटे हैं
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अब्बास मूसवी ने ईरान पर अमरीका की ओर से लगाए गए नए प्रतिबंधों के जवाब में कहा कि ट्रम्प सरकार अंतर्राष्ट्रीय शांति व सुरक्षा के लिए बनाई गई समस्त प्रावधानों को ध्वस्त करने में व्यस्त हैं।
सैयद अब्बास मूसवी ने मंगलवार को ट्वीट किया कि असहाय बन चुके अमरीका की ओर से ईरान के ख़िलाफ़ नए प्रतिबंधों का मतलब कूटनीति के मार्ग को हमेशा के लिए बंद कर देना है।
ज्ञात रहे कि अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने सोमवार को एक आदेश जारी करके ईरान के ख़िलाफ़ नए प्रतिबंध लगाए जिसके कुछ ही मिटन बाद अमरीका के वित्त मंत्री स्टीवन मनोचेन ने पत्रकारों के बीच जाकर कहा कि वाशिंग्टन ने इस्लामी क्रान्ति के सुप्रीम लीडर के कार्यालय, पासदाराने इंकेलाब फ़ोर्स आईआरजीसी के आठ अधिकारियों तथा कुछ अन्य संस्थाओं पर प्रतिबंध लगाए हैं।
मनोचेन ने कहा कि इसी हफ़्ते वाशिंग्टन ईरान के विदेश मंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ पर भी प्रतिबंध लगाना चाहता है।
अमरीका के विदेश मंत्री माइक पोम्पेयो ने एक बयान जारी करके नए प्रतिबंधों के बारे में कहा कि यह ईरान पर अधिकतम दबाव डालने की लड़ाई का हिस्सा है।