ब्रिटिश सरकार को, ईरान को जवाब देना होगाः ईरानी संसद
ईरान की संसद ने देश का एक आयल टैंकर रोकने के ब्रिटिश सरकार के ग़ैर क़ानूनी क़दम की ओर इशारा करते हुए कहा है कि ब्रिटेन की सरकार को इस संबंध में इस्लामी गणतंत्र ईरान को जवाब देना होगा।
ईरान की संसद में राष्ट्रीय सुरक्षा व विदेश नीति आयोग के प्रमुख मुजतबा ज़ुन्नूरी ने ब्रिटिश सरकार के इस क़दम को ग़ैर क़ानूनी बताते हुए कहा है कि अगर ब्रिटेन ने ईरान के तेल टैंकर को तुरंत मुक्त नहीं किया तो इस्लामी गणतंत्र ईरान के पास जवाब देने के साधन मौजूद हैं और वह ब्रिटेन को उसी की ज़बान में जवाब देगा। उन्होंने इस बात की तरफ़ इशारा करते हुए कि ईरान की तेल की खेप अवैध व तस्करी की नहीं है, कहा कि ईरानी राष्ट्र के ख़िलाफ़ ब्रिटिश सरकार का यह दुस्साहस, पूरे संसार में स्वतंत्र यातायात को ख़तरे में डाल देगा।
ईरान की संसद में राष्ट्रीय सुरक्षा व विदेश नीति आयोग के प्रमुख ज़ुन्नूरी ने कहा कि पश्चिमी देश और अमरीका के घटक इस बात की कोशिश कर रहे हैं कि वाॅशिंग्टन सरकार की अतिक्रमणकारी व अमानवीय नीतियों का पालन करें लेकिन उन्हें ऐसा कोई काम नहीं करना चाहिए जिसके चलते इस्लामी गणतंत्र ईरान, उनके ख़िलाफ़ जवाबी कार्यवाही करे। ज्ञात रहे कि ब्रिटिश नौसेना ने गुरुवार को एक ग़ैर क़ानूनी कार्यवाही करते हुए जिब्राल्टर में ईरान के एक तेल टैंकर को रोक लिया था। स्पेन के विदेश मंत्री के हवाले से कुछ सूत्रों ने बताया है कि ब्रिटेन ने यह क़दम, अमरीकियों के कहने पर उठाया है। (HN)