तेल टैंकर मामले में सही समय पर ब्रिटेन को जवाब देंगेः ईरान
ब्रिटेन द्वारा ईरान के तेल टैंकर को अवैध तरीक़े से रोकने पर तेहरान ने जवाबी कार्यवाही करने की चेतावनी दी है।
ईरान के चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ के प्रमुख ने चेतावनी दी है कि देश के तेल टैंकर के स्ट्रेट ऑफ़ जिब्राल्टर में ब्रिटेन द्वारा अवैध रूप से रोके जाने का ईरान जवाब देगा।
मेजर जनरल मोहम्मद बाक़ेरी ने मंगलवार को कहाः "ईरान के तेल टैंकर पर क़ब्ज़े का जवाब दिया जाएगा और तेहरान ब्रिटेन के इस निंदनीय क़दम का सही समय व स्थान पर जवाब देगा।"
पिछले हफ़्ते अमरीका के इशारे पर जिब्राल्टर की पुलिस और कस्टम एजेंसियों ने ब्रिटिश नौसैनिकों के साथ जिब्राल्टर स्ट्रेट में ईरान के सुपरटैंकर ग्रेस-1 को रोक लिया।
विदेश मंत्रालय ने ब्रिटेन के राजदूत रॉब मैक्केयर को तेहरान में तलब कर के ईरानी टैंकर के ख़िलाफ़ ब्रितानी नौसैनिकों के क़दम की समुद्री डकैती के रूप में घोर निंदा की और ब्रिटेन से इसे तुरंत छोड़े जाने की मांग की। (MAQ/N)