ईरान ने कूटनीति का दरवाज़ा पूरी तरह खुला रखा हैः रूहानी
राष्ट्रपति रूहानी ने अपने फ़्रान्सीसी समकक्ष का लिखित संदेश प्रा्पत करने के बाद कहा है कि ईरान ने कूटनीति और वार्ता का दरवाज़ा पूरी तरह खुला रखा है।
डाक्टर हसन रूहानी ने बुधवार को तेहरान में फ़्रान्स के राष्ट्रपति के कूटनैतिक सलाहकार इमानोएल बोन से मुलाक़ात में राष्ट्रपति इमानोएल मैक्रां द्वारा उठाए गए क़दमों का स्वागत करते हुए आशा जताई है कि परमाणु समझौते के सभी पक्ष इस अवसर से भली भांति लाठ उठाएंगे ताकि वांछित बिंदु यानी परमाणु समझौते के संपूर्ण क्रियान्वयन तक पहुंचा जा सके। उन्होंने कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान का मुख्य लक्ष्य यह है कि जेसीपीओए में जिन प्रतिबद्धताओं का उल्लेख किया गया है कि उनका सभी पक्ष पूरी तरह पालन करेंगे और अगर ऐसा होता है तो ईरान भी अपनी कटिबद्धताओं को पूरा करने के लिए नए क़दम उठाएगा।
इस मुलाक़ात में फ़्रान्स के राष्ट्रपति के कूटनैतिक सलाहकार इमानोएल बोन ने राष्ट्रपति इमानोएल मैक्रां का लिखित संदेश ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी को सौंपा। उन्होंने इससे पहले ईरान के विदेश मंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ और राष्ट्रीय सुरक्षा की उच्च परिषद के सचिव अली शमख़ानी से भी मुलाक़ात और बात-चीत की थी। (HN)