ईरान के तेल टैंकर को रोकना बड़े शर्म की बातः रूस
रूस के विदेश मंत्रालय ने जिब्राल्टर स्ट्रेट में ब्रिटेन की ओर से ईरान के तेल टैंकर को रोके जाने को शर्म की बात बताया है।
अलमयादीन टीवी चैनेल की रिपोर्ट के अनुसार रूस के विदेश मंत्रालय ने गुरूवार को एक बयान जारी करके कहा है कि ईरान के तेल टैंकर को रोककर ब्रिटेन, ईरान पर तनाव बढ़ाने का आरोप लगा रहा है। रूस के विदेश उपमंत्री रियाबकोफ ने कहा कि इस प्रकार की कार्यवाहियां, क्षेत्र की जटिल परिस्थिति को अधिक जटिल बनाते हुए क्षेत्र को सैन्य झड़प की ओर ले जा रही हैं।
इससे पहले भी रूस ने एक बयान जारी करके स्पष्ट किया था कि जिब्राल्टर स्ट्रेट में ब्रिटेन द्वारा ईरान के तेल टैंकर को रोके जाने की कार्यवाही, जेसीपीओए को सुरक्षित करने की आवश्यकता पर आधारित लंदन के बयान से विरोधाभास रखती है। माॅस्को का मानना है कि ब्रिटेन, अमरीका और उसके पश्चिमी घटक, ईरान के साथ तनाव कम करने के बजाए स्थिति को अधिक जटिल बना रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि ब्रिटेन की नौसेना ने अमरीका की मांग पर 4 जूलाई को एक ग़ैर क़ानूनी कार्यवाही के अन्तर्गत जिब्राल्टर स्ट्रेट में ईरान के तेल टैंकर को रोक लिया था।