ईरान से तेल का आयात जारी रहेगाः चीन
चीन ने फिर बल देकर कहा है कि ईरान से तेल का आयात जारी रहेगा।
ईरान से तेल आयात करने पर अमरीकी धमकी का चीन ने कड़ा जवाब दिया है। ईरान से तेल आयात करने पर अमरीका की ओर से चीन को प्रतिबंधों की धमकी के संदर्भ में इस देश के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि ईरान के साथ अन्तर्राष्ट्रीय व्यापार, क़ानूनी है जिसका सम्मान किया जाना चाहिए। गेंग श्वांग ने कहा कि ईरान के विरुद्ध एकपक्षीय प्रतिबधों का चीन विरोध करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चीन पूरी शक्ति से अपने अधिकारों की रक्षा करेगा।
अमरीका के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने गुरूवार को कहा था कि चीन अगर ईरान से तेल का आयात जारी रखता है तो वाशिग्टन की ओर से उसपर प्रतिबंध लग सकते हैं। चीन ने इसी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। चीन का कहना है कि अंतर्राष्ट्रीय क़ानूनों के अन्तर्गत ईरान के साथ द्विपक्षीय सहयोग जारी रखा जाएगा।
ज्ञात रहे कि अमरीकी धमकियों के बावजूद चीन, भारत, इराक़, सीरिया तथा तुर्की सहित बहुत से देशों ने घोषणा कर रखी है कि ईरान के विरुद्ध अमरीका के एकपक्षीय प्रतिबंधों के बावजूद यह देश तेहरान के साथ अपने व्यापारिक संबन्ध जारी रखेंगे।