ओमान के विदेश मंत्री 27 जुलाई को ईरान का दौरा करेंगे
ओमान के विदेश मंत्री 27 जुलाई को इस्लामी गणतंत्र ईरान का दौरा करेंगे।
समाचार एजेंसी इर्ना की रिपोर्ट के मुताबिक़, ओमान के विदेश मंत्री यूसुफ़ बिन अलवी 27 जुलाई को इस्लामी गणतंत्र ईरान के दौरे पर आ रहे हैं। अलवी के आगामी ईरान दौरे का उद्देश्य द्विपक्षीय संबंधों में विस्तार सहित हालिया दिनों में क्षेत्र में आए नए परिवर्तनों के संबंध में ईरानी अधिकारियों के साथ चर्चा बताया जा रहा है। हाल के दिनों में फ़ार्स की खाड़ी में घटने वाली घटनाओं के मद्देनज़र ओमान के विदेश मंत्री के आगामी ईरान दौरे पर इस समय पूरी दुनिया की नज़र है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले ओमान सरकार ने एक बयान में कहा था कि उसका देश हुर्मुज़ स्ट्रेट में होने वाले परिवर्तनों और इस इलाक़े में जहाज़रानी की स्थिति की समीक्षा करते हुए सारे पक्षों को धैर्य और सूझबूझ से काम लेने के लिए आमंत्रित करता है। इसी तरह ओमान ने दुनिया भर के देशों से मांग की है कि इस समय इलाक़े में जो तनाव की स्थिति और समस्याएं पैदा हुईं हैं उन्हें राजनीतिक तरीक़ों से हल किया जाए।
ज्ञात रहे कि ओमान के विदेश मंत्री ने जारी वर्ष के मई महीने में ईरान का दौरा करते हुए विदेश मंत्री मोहम्मद जवाद ज़रीफ़ से मुलाक़ात की थी। इससे पहले भी ओमान ने क्षेत्र के देशों के बीच तनाव को कम करने के संबंध में कई बार मध्यस्थता करने में भूमिका निभाई है और उसके इन प्रयासों के सकारात्मक और रचनात्मक परिणाम सामने आए हैं। (RZ)