बिना किसी भेदभाव के लागू किए जाने चाहिए जहाज़रानी के क़ानूनः ईरान
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i77664-बिना_किसी_भेदभाव_के_लागू_किए_जाने_चाहिए_जहाज़रानी_के_क़ानूनः_ईरान
इस्लामी गणतंत्र ईरान ने इस बात पर बल दिया है कि जहाज़रानी के अन्तर्राष्ट्रीय नियमों को बिना किसी भेदभाव के लागू किया जाना चाहिए।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jul २८, २०१९ ११:०६ Asia/Kolkata

इस्लामी गणतंत्र ईरान ने इस बात पर बल दिया है कि जहाज़रानी के अन्तर्राष्ट्रीय नियमों को बिना किसी भेदभाव के लागू किया जाना चाहिए।

ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा की उच्च परिषद के सचिव अली शमख़ानी ने ओमान के विदेशमंत्री यूसुफ़ बिन अलवी के साथ भेंट में कहा कि समस्त देशों को चाहिए कि वे सुरक्षा को बनाए रखने के उद्देश्य से जहाज़रानी के अन्तर्राष्ट्रीय नियमों को बिना किसी भेदभाव के लागू करें।उन्होंने कहा कि इस बारे में हम किसी भी देश के साथ भेदभाव के क़ाएल नहीं हैं।  ओमान के विदेशमंत्री यूसुफ़ बिन अलवी, क्षेत्रीय परिवर्तनों तथा द्विपक्षीय संबन्धों पर वार्ता करने के उद्देश्य से तेहरान आए थे।  उन्होंने विदेशमंत्री जवाद ज़रीफ़ और राष्ट्रीय सुरक्षा की उच्च परिषद के सचिव अली शमख़ानी से भेंटवार्ताएं कीं।  ओमान के विदेशमंत्री ने इन भेंटवार्ताओं में क्षेत्र में तनाव को रोकने के लिए अनुभवों से लाभ उठाने पर बल दिया।  यूसुफ़ बिन अलवी ने कहा कि "सभी देशों को चाहिए कि वे हुरमुज़ स्ट्रेट सहित पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के नियमों का कड़ाई से पालन करते हुए हर उस कार्यवाही से बचें जो संकट के फैलने का कारण बने"।  ओमान के विदेशमंत्री का यह बयान, ब्रिटेन की उस हालिया कार्यवाही की ओर संकेत है जो समुद्री चोरी और ईरान के तेल टैंकर को ग़ैर क़ानूनी ढंग से रोकने के साथ शुरू हुई और बाद में हुरमुज़ स्ट्रेट में जहाज़रानी के नियमों के उल्लंघन के साथ जारी रहा।

19 जूलाई 2019 को हुरमुज़ स्ट्रेट में "स्टेना इम्पेरो" नामका ब्रिटेन का तेल टैंकर, ईरान के मछुओरों की नाव से टकरा गया जिससे नाव और उसपर सवार लोगों को क्षति पहुंची।  ब्रिटेन के तेल टैंकर ने इसके बाद ईरानी अधिकारियों की चेतावनी को अनदेखा करते हुए टैंकर के सिस्टम को बंद करते हुए एकदम से अपना रास्ता बदल दिया।  रास्ता बदलकर ब्रिटेन का तेल टैंकर भागने के प्रयास कर रहा थी इसी बीच ईरानी बलों ने उसे रोक लिया।  अन्तर्राष्ट्रीय जहाज़रानी के नियमों के अनुसार यदि को जहाज स्वतंत्र जल में अन्तर्राष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन करे तो उसे रोका जा सकता है।  संयुक्त राष्ट्रसंघ में ईरान के स्थाई प्रतिनिधि ने सुरक्षा परिषद को भेजे पत्र में ब्रिटेन तेल टैंकर द्वारा जहाज़रानी के नियमों के उल्लंघन को विस्तार से बताया।  इस संदर्भ में तीन बिंदु बहुत महत्वपूर्ण हैं।  पहला बिंदु यह कि ब्रिटेन के जहाज़ ने जहाज़रानी के अन्तर्राष्ट्रीय निमयों का उल्लंघन किया है।  दूसरी बात यह कि फ़ार्स की खाड़ी तथा हुरमुज़ स्ट्रेट की सुरक्षा विशेष महत्व रखती है।  तीसरे यह कि इस घटना के बारे में ब्रिटेन, अमरीका और क्षेत्र में उनकी कुछ घटक सरकारों की ओर से कुछ अधिक ही शोर-शराबा किया जा रहा है।  हालांकि ईरान का कहना है कि पश्चिमी एशिया में सुरक्षा की ज़िम्मेदारी, क्षेत्रीय देशों की है अतः इस मामले में विदेशी हस्तक्षेप से समस्याएं घटने के बदले बढ़ेंगी।