ईरान तथा रूस परस्पर सहयोग जारी रखने पर राज़ी
ईरान तथा रूस ने क्षेत्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय विषयों पर विचार-विमर्श किया है। दोनो पक्षों ने विशेष रूप से जेसीपीओए तथा फ़ार्स की खाड़ी की सुरक्षा के बारे में वार्ता की।
माॅस्को में ईरान के राजदूत मेहदी सनाई ने बुधवार को रूस के विदेश उपमंत्री सरगेई रियाबकोफ से मुलाक़ात की। उन्होंने परमाणु समझौते के बारे में रूस के सहयोग की सराहना की। मेहदी सनाई ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यूरोप यदि बाक़ी बचे समय में व्यवहारिक क़दम नहीं उठाता तो ईरान, जेसीपीओए के संबन्ध में अपने वचनों को घटाने का तीसरा चरण आरंभ कर देगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से क्षेत्रीय देशों की ओर से जो भी सार्थक प्रस्ताव आएगा ईरान उसका स्वागत करेगा। रूस में ईरान के राजदूत ने कहा कि क्षेत्र में विदेशियों की उपस्थिति ही पश्चिमी एशिया में तनाव का कारण है।
इस भेंटवार्ता में रूस के विदेश उपमंत्री सरगेई लावरोफ ने ईरान के विरुद्ध अमरीकी प्रतिबंधों की निंदा करते हुए कहा कि अमरीकी दबाव के कारण ही ईरान ने परमाणु समझौते से संबन्धित अपनी कटिबद्धताओं को कम करने का निर्णय लिया है। उन्होंने फ़ार्स की खाड़ी के परिवर्तनों की ओर संकेत करते हुए कहा कि रूस की ओर से फ़ार्स की खाड़ी की सुरक्षा की योजना, उन नियमों पर आधारित है जिनसे क्षेत्र के सभी देशों के हितों की पूर्ति होती हो।