दुश्मनों को राष्ट्रपति की खुली धमकी, जैसे को तैसा जवाब दिया जाएगा
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i77983-दुश्मनों_को_राष्ट्रपति_की_खुली_धमकी_जैसे_को_तैसा_जवाब_दिया_जाएगा
इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने कहा है कि अमरीकी प्रतिबंधों की वजह से आईआरजीसी और विदेशमंत्री, दुनिया और क्षेत्र में और भी लोकप्रिय हुए हैं।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Aug ०६, २०१९ ०९:०५ Asia/Kolkata
  • दुश्मनों को राष्ट्रपति की खुली धमकी, जैसे को तैसा जवाब दिया जाएगा

इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने कहा है कि अमरीकी प्रतिबंधों की वजह से आईआरजीसी और विदेशमंत्री, दुनिया और क्षेत्र में और भी लोकप्रिय हुए हैं।

डाक्टर हसन रूहानी ने मंगलवार को विदेशमंत्रालय के अधिकारियों और प्रबंधकों से भेंट में कहा कि अमरीका के सारे प्रतिबंधों का उल्टा परिणाम निकल रहा है। उनका कहना था कि अमरीकी प्रतिबंधों ने ईरानी राष्ट्र को बहुत अधिक मज़बूत किया है और देश की जनता इन समस्याओं को सफलता से पार कर लेगी।

राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने कहा कि वाइट हाऊस में ऐसे लोग आ गये हैं जिनकी घटिया मिसाल इतिहास में नहीं मिलती। उन्होंने कहा कि अमरीका न केवल परमाणु समझौते से निकलकर बल्कि यूरोप पर दबाव डालने, सुरक्षा परिषद की बैठक, वार्सा बैठक तथा फ़िलिस्तीन के मुद्दे पर अकेला पड़ा गया है। 

राष्ट्रपति ने इसी प्रकार परमाणु समझौते में ईरान के वचनों में कमी की ओर संकेत करते हुए कहा कि दुनिया की कोई भी ताक़त, परमाणु समझौते में ईरान के वचनों की कमी पर राजनैतिक और क़ानूनी सवाल नहीं उठा सकती।

उन्होंने हुर्मुज़ स्ट्रेट में ब्रिटिश आयल टैंकर को रोके जाने की ओर संकेत करते हुए कहा कि फ़ार्स की खाड़ी में ब्रिटिश आयल टैंकर, क़ानूनों और ईरानी चेतावनियों की अनदेखी कर रहा था और क़ानून लागू करने में ईरान को किसी भी देश से कोई तकल्लुफ़ नहीं है।

राष्ट्रपति ने कहा कि ईरान दुनिया के साथ सार्थक सहयोग पर बल देता है। उन्होंने दुश्मनों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि दुश्मन क्षेत्र में सुरक्षा चाहते हैं तो उन्हें ईरान की सुरक्षा को नुक़सान नहीं पहुंचाना चाहिए क्योंकि स्ट्रेट का जवाब स्ट्रेट, सुलह का जवाब सुलह और तेल का जवाब तेल से दिया जाएगा। (AK)