क़तर ने ईरान को बताया क्षेत्र का महत्वपूर्ण देश
क़तर के रक्षामंत्री ने कहा है कि क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता में ईरान की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है।
तसनीम समाचार एजेन्सी के अनुसार क़तर के रक्षामंत्री "ख़ालिद बिन हमद अलअतिया" ने यह बात ईरान के रक्षामंत्री के साथ टेलिफोनी वार्ता में कही। क़तर के रक्षामंत्रालय ने बयान जारी करके बताया है कि रक्षामंत्री ने ईरान के रक्षामंत्री ब्रिगेडियर हातमी से टेलिफोनी वार्ता में कहा कि क्षेत्र की सुरक्षा की ज़िम्मेदारी सबपर आती है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता में मित्र देश ईरान की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
क़तर के रक्षामंत्रालय के बयान के अनुसार ईरान के रक्षामंत्री ने क़तर के पड़ोसी देशों के साथ संकट में क़तर के नेताओं की दूरदर्शिता की प्रशंसा करते हुए क़तर के रक्षामंत्री को ईरान आने का निमंत्रण दिया है। क़तर के रक्षामंत्री ने तेहरान के इस प्रस्ताव का स्वागत किया है।