ईरान ने व्यक्त की अफ़ग़ानिस्तान की सरकार और जनता के प्रति सहानुभूति
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल में एक शादी के समारोह में होने वाले आतंकवादी विस्फोट की कड़े शब्दों में निंदा की है।
सैयद अब्बास मूसवी ने अफ़ग़ानिस्तान की सरकार वहां की जनता विशेषकर विस्फोट के प्रभावितों के प्रति सहानुभूति व्यक्त की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस समय अफ़ग़ानिस्तान बहुत कठिन परिस्थिति से गुज़र रहा है जिसमें कठिनाइयां बहुत हैं।
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि वर्तमान समय में अफ़ग़ानिस्तान की सरकार और जनता को अधिक से अधिक धैर्य से काम लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में ईरान उनके साथ है।
ज्ञात रहे कि अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल में शादी के समारोह में एक आत्मघाती धमाका हुआ, जिसमें कम से कम 63 लोग मारे गए और 182 घायल हुए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि एक आत्मघाती हमलावर ने शनिवार की रात एक विवाह समारोह के हॉल में पहुंच कर ख़ुद को धमाके से उड़ा लिया।