ईरान की जनता प्रतिरोध को जारी रखेगीः रूहानी
राष्ट्रपति हसन रूहानी ने कहा है कि देश की जनता प्रतिबंधों के मुक़ाबले में पूरी दृढ़ता के साथ खड़ी है।
डा. हसन रूहानी ने इस्लामी क्रांति के विरुद्ध शत्रुओं के षडयंत्रों की ओर संकेत करते हुए कहा कि ईरान की जनता इन षडयंत्रों के मुक़ाबले में कड़ाई से खड़ी है। राष्ट्रपति रूहानी ने शनिवार को, इस्लामी क्रांति के संस्थापक स्वर्गीय इमाम ख़ुमैनी के मज़ार पर उपस्थित होकर फूल चढ़ाए। उन्होंने कहा कि इस्लामी क्रांति को सफल हुए अब 40 वर्षों से अधिक का समय हो रहा है और ईरान की इस्लामी लोकतांत्रिक व्यवस्था, जनता के समर्थन से स्थापित है जो क्षेत्र के लिए आदर्श बन चुकी है।
राष्ट्रपति रूहानी ने कहा कि षत्रुओं के षडयंत्र उसी स्थिति में समाप्त होंगे जब वे इस इस्लामी शासन व्यवस्था को क्षति पहुंचाने से निराश होंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे में ईरानी राष्ट्र का मुख्य कर्तव्य, शत्रु को निराश करना है। राष्ट्रपति का कहना था कि विश्व के साथ मैत्रीपूर्ण संबन्धों के लिए तेहरान ने अपनी पूरी क्षमता से काम किया है। उन्होंने कहा कि अमरीका की नई और अनुभवहीन सरकार, ईरान की जनता, क्षेत्र यहां तक कि स्वयं अमरीका की जनता के लिए समस्याओं का कारण बनी है।