ज़रीफ़ का मलेशिया का दौरा, महातीर मुहम्मद से अहम वार्ता
ईरान के विदेश मंत्री पूर्वी एशिया के अपने दौरे के तीसरे चरण में मलेशिया पहुंचे हैं जहां उन्होंने इस देश के प्रधानमंत्री से मुलाक़ात करके अहम मुद्दों पर बात की है।
मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने गुरुवार को कुआला लुम्पुर में मलेशिया के प्रधानमंत्री महातीर मुहम्मद से मुलाक़ात के बाद उनसे होने वाली बात चीत के बारे में कहा कि इस अच्छी व दोस्ताना मुलाक़ात में इस्लामी जगत की समस्याओं और अमरीका के प्रतिबंधों व ग़ैर क़ानूनी कार्यवाहियों के बारे में विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने बताया कि इस मुलाक़ात में इसी तरह द्विपक्षीय संबंधों और महातीर मुहम्मद की तेहरान यात्रा से पहले विदेश मंत्रियों के स्तर पर गठित होने वाली द्विपक्षीय संबंधों की उच्च समिति के बारे में भी बात की गई। ईरान के विदेश मंत्री ने बताया कि द्विपक्षीय संबंधों की उच्च समिति में राजनैतिक, अंतर्राष्ट्रीय, आर्थिक व सुरक्षा सहयोग के बारे में वार्ता की जाएगी।
विदेश मंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ पूर्वी एशिया की अपनी यात्रा में चीन व जापान के दौरे के बाद तीसरे चरण में मलेशिया पहुंचे हैं। उन्होंने इस देश के प्रधानमंत्री से मुलाक़ात से पहले अपने मलेशियाई समकक्ष सैफ़ुद्दीन अब्दुल्लाह से मुलाक़ात और वार्ता की थी। उन्होंने इसी तरह मलेशिया के रणनैतिक अध्ययन केंद्र में इस्लामी जगत के भविष्य, अंतर्राष्ट्रीय संबंधों और संयुक्त सुरक्षा के बारे में भाषण दिया था। (HN)