ईरान ब्रिटिश आयल टैंकर के 7 कर्मियों को स्वतंत्र करेगा
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने ईरान की जलसीमा में पकड़े गये ब्रिटिश आयल टैंकर के बारे में बताते हुए कहा कि ईरान अपनी मानवता प्रेमी नीतियों को जारी रखते हुए ब्रिटिश आयल टैंकर के सात कर्मियों को स्वतंत्र कर रहा है।
ईरान की आईआरजीसी की नौसेना ने 19 जुलाई को हुर्मुज़गान प्रांत की जहाज़रानी और बंदरगाह विभाग की अपील के बाद अंतर्राष्ट्रीय क़ानूनों का उल्लंघन करने वाली ब्रिटिश समुद्री जहाज़ स्टेना इम्प्रो को हिरासत में ले लिया था।
विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने बुधवार को ईरान के स्थानीय टीवी चैनल से बात करते हुए कि इस्लामी गणतंत्र ईरान को ब्रिटिश आयल टैंकर के कर्मियों से कोई समस्या नहीं है और जब ब्रिटिश जहाज़ को हिरासत में लिया गया तो उसके कर्मीदल को भी हिरासत में लिया किन्तु आवश्यक कार्यवाही के बाद ईरान ने मानवता प्रेमी नीतियों के आधार पर कर्मीदल को स्वतंत्र करने का फ़ैसला किया है।
उल्लेखनीय है कि जब्राल्टर स्ट्रेट, दक्षिणी स्पेन के पर्वतीय क्षेत्र में है। यह क्षेत्र सन 1704 में ब्रिटेन के अधीन हो गया था। इस क्षेत्र के स्वामित्व को लेकर उस समय से लंदन और मैड्रिड के बीच मतभेद चले आ रहे हैं। (ak)