इस वक़्त कहां है आदरियान दरिया? क्या उसका मिशन पूरा हो गया?
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i79133-इस_वक़्त_कहां_है_आदरियान_दरिया_क्या_उसका_मिशन_पूरा_हो_गया
अगर यह दावा सही हो कि ईरान के तेल टैंकर ने सीरिया में अपनी खेप उतार दी है तो यह अमरीका के लिए करारा जवाब है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Sep ०८, २०१९ १५:४० Asia/Kolkata
  • इस वक़्त कहां है आदरियान दरिया? क्या उसका मिशन पूरा हो गया?

अगर यह दावा सही हो कि ईरान के तेल टैंकर ने सीरिया में अपनी खेप उतार दी है तो यह अमरीका के लिए करारा जवाब है।

अमरीका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जाॅन बोलटन ने अपने एक ट्वीट में दावा किया है कि ईरानी तेल टैंकर आदरियान दरिया-1 सीरिया के जलक्षेत्र के क़रीब है। सीएनएन के अनुसार एक अन्य अमरीकी अधिकारी ने भी इस बात की तरफ़ इशारा करते हुए कि एक ईरानी तेल टैंकर को सीरिया के जलक्षेत्र के क़रीब देखा गया है, कहा है कि यह वही तेल टैंकर है जिसे एक  महीने से अधिक जिब्रालटर में रोके रखा गया था।

 

इस्लामी गणतंत्र ईरान ने अब तक इन दावों और समाचारों पर कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की है। उक्त अमरीकी अधिकारी ने कहा है कि ईरान ने कहा था कि यह तेल टैंकर सीरिया नहीं जाएगा और इस समय यह सीरिया के निकट है जिसका मतलब यह है कि ईरान ने अब तक जो कुछ कहा था, वह ग़लत था। यह ऐसी स्थिति में है कि जब ईरान ने इस तेल टैंकर के जिब्रालटर से छूटने के बाद इसकी खेप को कुछ यूरोपीय बंदरगाहों और फिर तुर्की में ख़ाली करने की कोशिश की थी लेकिन अमरीका निरंतर इसमें रुकावट डालता रहा। इसके अलावा अमरीकी मीडिया भी इस तेल टैंकर की हर क्षण की स्थिति पर नज़र रखे हुए था और उसकी खेप कुछ यूरोपीय बंदरगाहों में ख़ाली न करने देने के लिए अमरीका के क़दमों के बारे में समाचार दे कर इस बात की कोशिश कर रहा था कि ईरान के तेल के ख़िलाफ़ अमरीका के प्रतिबंधों के प्रभाव को बढ़ा चढ़ा कर बताए और साथ ही ईरान की आर्थिक व राजनैतिक शक्ति को कमज़ोर ज़ाहिर करे। अब अगर यह बात सही है कि आदरियान दरिया सीरिया पहुंच गया है तो फिर यह ईरान की ओर से अमरीका के प्रतिबंधों और उसकी सभी चालों का भरपूर जवाब है।

 

आदरियान दरिया के सीरिया पहुंचने और अपनी तेल की खेप को ख़ाली करने के समाचार का एक और पहलू भी है और वह है इस्लामी गणतंत्र ईरान की शक्ति और इसी तरह अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अमरीका की पराजय। शायद इसी बात को छिपाने के लिए कुछ क्षेत्रीय संचार माध्यमों में इस प्रकार की बातें सामने आ रही हैं कि आदरियान दरिया-1 के बारे में ईरान व अमरीका के बीच गुप्त समझौता हुआ है। इस दावे के अनुसार इस समझौते के बाद ही ईरान इस तेल टैंकर की खेप को सीरिया की तरतूस बंदरगाह पर उतार पाया है। एक समाचारपत्र ने तो यहां तक लिख दिया कि इस समझौते से पहले इस्राईल के तीन ड्रोन इस तेल टैंकर के ऊपर उड़ान भर रहे थे और अमरीका व ईरान के बीच समझौता होने के बाद वे वापस चले गए। ऐसा लगता है कि इस तरह की ख़बरें, इस्लामी गणतंत्र ईरान के मुक़ाबले में अमरीका की निरंतर पराजयों के बाद उसकी क्षेत्रीय शक्ति का भरम बनाए रखने के लिए फैलाई जा रही हैं। (HN)