इराक़ की घटनाओं पर बारीकी से नज़र रखे है , ईरान
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने इराक़ की हालिया घटनाओं पर खेद प्रकट करते हुए कहा है कि ईरान, इराक़ की घटनाओं पर संवेदनशीलता और बारीकी के साथ नज़र रखे है।
विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने शनिवार की रात अपने एक बयान में कहा है कि इस्लामी गणतंत्र ईरान, इराक़ी जनता की मांगों का समर्थन करता है जिनपर स्पष्ट रूप से इराक़ के धार्मिक नेतृत्व और इस देश के प्रधानमंत्री द्वारा बल दिया गया है।
विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता अब्बास मूसवी ने इसी प्रकार इराक़ की उन घटनाओं पर खेद प्रकट किया है जिनमें दसियों लोग हताहत और घायल हुए तथा सरकारी और निजी संपत्ति को नुक़सान पहुंचा। उन्होंने कहा कि हमें विश्वास है कि इराक़ी जनता, सरकार और वरिष्ठ धार्मिक नेतृत्व समस्याओं का निवारण करेगा और एकजुटता के साथ इराक़ को विकास की राह पर तेज़ी से आगे बढ़ाएगा।
विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान, नये इराक़ के गठन के आरंभ से ही हमेशा इराकी जनता और सरकार का समर्थक रहा है और संवेदनशील परिस्थितियों में अपनी संभावनाओं व क्षमताओं को अपने दोस्त व पड़ोसी देश इराक़ के लिए समर्पित किया है।
इराक़ में प्रदर्शन एेसी दशा में जारी हैं कि जब इस देश की सरकार ने गत एक महीने के दौरान जनता की मांगों को पूरा करने के लिए चार पैकेज पेश किये हैं।
इराक़ की सरकार और धार्मिक नेतृत्व ने प्रदर्शनकारियों से अपील की है कि वह हिंसा से दूर रहें और अपने साथ बाहरी तत्वों को घुसने का अवसर न दें।
प्रमाणों से पता चलता है कि इराक़ के हालिया प्रदर्शन कुछ विदेशी शक्तियों द्वारा प्रयोजित हैं जिन्होंने शांतिपूर्ण प्रदर्शनों को हिंसक बनाने का पूरा प्रयास किया है।
इराक़ में प्रदर्शनकारियों के बीच से कई हथियार बंद लोगों को गिरफ्तार और प्रदर्शन कारियों पर फायरिंग करते हुए कई लोगों को पकड़ा गया है। इसके साथ ही बगदाद और इराक़ के कई क्षेत्रों में हथियारों से भरे वाहन भी सुरक्षा बलों ने पकड़े हैं। (Q.A.)