अमरीका का सरकारी आतंकवाद बेनक़ाब हो गयाः ईरान
इस्लामी गणतंत्र ईरान ने ब्राएन हुक की ओर से क़ुद्स ब्रिगेड के नये प्रमुख को दी गयी धमकी की निंदा करते हुए कहा कि यह बयान, अमरीकी सरकारी आतंकवाद को बेनक़ाब करने वाला है।
ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अब्बास मूसवी ने ब्राएन हुक की ओर से क़ुद्स ब्रिगेड के नये प्रमुख जनरल क़ाआनी की हत्या की धमकी पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि अमरीकी विदेशमंत्रालय के इस अधिकारी का बयान, अमरीका के सरकारी आतंकवाद के बेनक़ाब होने का स्पष्ट प्रमाण है।
उनका कहना था कि ज़ायोनी शासन के बाद अमरीका दूसरी सरकार है जिसने आधिकारिक रूप से घोषणा की है कि उसने आतंकवादी कार्यवाहियों के लिए अपनी सशस्त्र सेना और सरकारी संसाधनों का प्रयो किया और भविष्य में भी इसको जारी रखेगी।
सैयद अब्बास मूसवी ने अमरीकी सरकार की ओर से आतंकवाद का सहारा लेने को अमरीकी अधिकारियों की कमज़ोरी का चिन्ह क़रार दिया और इस सरकार के अधिकारियों की बेतुकी और आतंकवादी कार्यवाहियों की निंदा करते हुए विश्व समुदाय से मांग की है कि वह इन कार्यवाहियों और आतंकवाद की ओर प्रेरित करने वाली कार्यवाहियों की निंदा करें क्योंकि इस प्रक्रिया के जारी रहने की स्थिति में जल्दी या देर में सबके लिए समस्याएं पैदा हो जाएंगी।
ज्ञात रहे कि अमरीकी विदेश मंत्रालय में ईरान के ख़िलाफ़ एक्शन ग्रुप के प्रमुख ने आईआरजीसी की क़ुद्स ब्रिगेड के नए कमांडर को जान से मारने की धमकी दी है।
ईरान के साथ तनाव बढ़ाने की अमरीकी अधिकारियों की नीति के अंतर्गत अमरीकी राष्ट्रपति के विशेष प्रतिनिधि और ईरान के ख़िलाफ़ कार्यवाही के गुट के प्रमुख ब्रायन हुक ने गुरुवार को धमकी दी है कि आईआरजीसी की क़ुद्स ब्रिगेड के नए कमांडर जनरल इस्माईल क़ाआनी की हत्या कर दी जाएगी। (AK)