सेंचुरी डील, सदी की गद्दारी है, विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने अमरीका द्वारा थोपी गयी योजना " सेंचुरी डील" को फिलिस्तीनियों के साथ सदी की गद्दारी की संज्ञा देते हुए कहा है कि फिलिस्तीनियों पर थोपी गयी शर्मनाक अमरीकी योजना, विफल रहेगी।
सैयद अब्बास मूसवी ने कहा है कि क्षेत्र व विश्व के स्वतंत्र लोग, इस शर्मनाक योजना का विरोध करें।
विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने इस बात का उल्लेख करते हुए कि फिलिस्तीन, फिलिस्तीनी जनता का है कहा कि ज़ायोनी शासन, एक अतिग्रहणकारी व अवैध रूप से क़ब्ज़ा करने वाला शासन है और फिलिस्तीन संकट का एक मात्र समाधान, फिलिस्तीन के मूल निवासियों के बीच जनमत संग्रह का आयोजन है और इस प्रकार की गद्दारी पर आधारित योजनाएं निश्चित रूप से विफल रहेंगी।
विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने इस बात का उल्लखे करते हुए कि इस्लामी गणतंत्र ईरान की नज़र में फिलिस्तीन व बैतुल मुक़द्दस का मुद्दा, इस्लामी जगत का पहला मुद्दा है, कहा कि बड़े अफसोस की बात है कि कुछ इस्लामी देश, इस बात को भूल जाते हैं कि मुसलमानों और इस्लामी देशों की प्रतिष्ठा को निशाना बनाया गया है, और दुश्मन को दोस्त की जगह बिठा कर 70 साल से अधिक समय से जारी इस्राईल के मानवता विरोधी अपराधों को जान बूझ कर या फिर अनजाने में, भुला दे रहे हैं।
सैयद अब्बास मूसवी ने बल दिया कि इस्लामी गणतंत्र ईरान, फिलिस्तीनी मुद्दे के महत्व और कथित सेंचुरी डील के पीछे षडयंत्र के दृष्टिगत, इलाक़े के देशों से अपने मतभेदों को भुला कर और इस्लामी जगत को लक्ष्य बनाने वाले षडयंत्रों पर अंकुश लगाने के लिए किसी भी स्तर पर सहयोग के लिए पूरी तरह से तैयार है। Q.A.