सेंचुरी डील विफल होकर रहेगीः आयतुल्लाह किरमानी
तेहरान के इमामे जुमा ने अमरीकी योजना सेंचुरी डील की भर्त्सना करते हुए कहा है कि यह योजना विफल होकर रहेगी।
आयतुल्लाह मुहम्मद अली मुवह्हेदी किरमानी ने जुमे की नमाज़ के ख़ुत्बे में कहा है कि सेंचुरी डील वास्तव में बहुत बड़ा कलंक है। उन्होंने कहा कि यह षडयंत्र, कुछ अरब सरकारों के विश्वासघात का परिणाम है। आयतुल्लाह किरमानी का कहना था कि कोई भी षडयंत्र, फ़िलिस्तीनियों के अधिकारों का हनन नहीं कर सकता। उनका कहना था कि संसार के स्वतंत्रता प्रेमियों ने सेंचुरी डील के षडयंत्र को पहले ही रद्द कर दिया है। आयतुल्लाह किरमानी ने कहा कि फ़िलिस्तीनियों का प्रतिरोध अमरीका की कमर को तोड़ देगा और फ़िलिस्तीन आज़ाद होकर रहेगा।
तेहरान के इमामे जुमा ने इस ओर भी संकेत किया कि शत्रु, प्रतिरोध के हथियार छील लेना चाहता है किंतु उनका यह सपना कभी भी साकार नहीं होगा। ज्ञात रहे कि अमरीकी राष्ट्रपति ने ज़ायोनी शासन के प्रधानमंत्री के साथ मंगलवार को सेंचुरी डील का अनावरण किया था।