ट्रम्प वायरस कोरोना वायरस से भी ज़्यादा ख़तरनाक है, ईरान
तेहरान का कहना है कि अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प कोरोना वायरस से भी ज़्यादा ख़तरनाक हैं।
ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली शामख़ानी ने कहा है कि ट्रम्प कोरोना वायरस से लड़ने के लिए ज़रूरी चिकित्सा उपकरणों और दवाईयों के ईरान तक पहुंचने में रुकावटें डाल रहे हैं और यह स्पष्ट रूप से मानवता के ख़िलाफ़ अपराध है।
शमख़ानी का कहना था कि ट्रम्प प्रशासन इस वैश्विक महामारी के ख़िलाफ़ लड़ाई में ईरान की मदद नहीं करने के लिए अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ़) पर दबाव डाल रहा है।
ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव ने रविवार को ट्वीट करके कहाः "स्वास्थ्य के लिए ज़रूरी वस्तुओं पर प्रतिबंध, एक ग़ैरक़ानूनी और अमानवीय कृत्य है और यह ईरानी जनता के प्रति ट्रम्प की खुली दुश्मनी का प्रतीक है।"
उन्होंने आगे लिखाः कोरोना वायरस के ख़िलाफ़ लड़ाई में आवश्यक चिकित्सा वस्तुओं की आपूर्ति के लिए आईएमएफ़ द्वारा ईरान को फ़ंड दिए जाने का विरोध, मानवता के ख़िलाफ़ अपराध का एक खुला उदाहरण है।
शमख़ानी का कहना था कि ट्रम्प कोरोना वायरस से अधिक ख़तरनाक हैं।
ग़ौरतलब है कि ईरान विश्व में कोरोना वायरस महामारी से सबसे अधिक प्रभावित होने वाले देशों में से एक है और यहां इससे 3,600 से अधिक मौतें हो चुकी हैं। जबकि क़रीब 60,000 लोग वायरस से संक्रमित हैं।
इस वैश्विक महामारी से सबसे ज़्यादा प्रभावित होने के बावजूद, अमरीका इसके ख़िलाफ़ लड़ाई में ईरान के रास्ते में रुकावटें खड़ी कर रहा है, जबकि संयुक्त राष्ट्र संघ समेत कई देशों ने वाशिंगटन से इस दौरान स्थायी रूप से तेहरान से प्रतिबंध हटा लेने का आग्रह किया है।
शुक्रवार को ट्रम्प ने दावा किया था कि कोरोना महामारी के ख़िलाफ़ लड़ाई में अगर ईरानी नेता मदद की अपील करते हैं तो ईरान की मदद करना एक नैतिक ज़िम्मेदारी है।
ट्रम्प का कहना था कि ईरानी नेताओं ने अभी तक हमसे मदद नहीं मांगी है। msm