ईरानी सेटेलाइट , अब भी अंगारों पर लोट रहे हैं इस्राईल व अमरीका
संयुक्त राष्ट्र संघ में इस्राईल के प्रतिनिधि ने ईरान द्वारा नूर सेटेलाइट को अंतरिक्ष में भेजे जाने पर अप्रसन्नता प्रकट करते हुए यह मांग की कि ईरान पर दबाव और प्रतिबंध जारी रखा जाए विशेषकर हथियारों पर प्रतिबंध की अवधि बढ़ा दी जाए।
इस्राईली समाचार पत्र जेरुश्लम पोस्ट के अनुसार संयुक्त राष्ट्र संघ में इस्राईली प्रतिनिधि डेनी डेनन ने शुक्रवार को एक पत्र सुरक्षा परिषद को भेजा है जिसमें ईरान के खिलाफ अमरीका व इस्राईल के आरोपों को एक बार फिर दोहराते हुए मांग की है कि ईरान के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र संंघ के हथियारों के प्रतिबंध की अवधि बढ़ा दी जाए।
याद रहे सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव क्रमांक 2231 के अनुसार ईरान पर हथियारों का प्रतिबंध अक्तूबर में खत्म हो जाएगा।
इस्राईली प्रतिनिधि ने सुरक्षा परिषद के नाम अपने पत्र में इसी प्रकार दावा किया है कि ईरान, लेबनान को हथियार और सामरिक साधन देता है।
ईरान ने अपना पहला सैनिक उपग्रह गत 22 मई को अंतरिक्ष में सफलता के साथ भेजा है जिसके बाद से अमरीका और उसके घटक हंगामा मचा कर ईरान की इस वैज्ञानिक सफलता को हल्का दिखाने का प्रयास कर रहे हैं और इसके साथ वह ईरान की इस कामयाबी को सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव का उल्लंघन भी साबित करने का प्रयास कर रहे हैं। Q.A.