इराक़ में राजनैतिक स्थिरता, क्षेत्र के लिए बहुत अहम हैः रूहानी
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i87505-इराक़_में_राजनैतिक_स्थिरता_क्षेत्र_के_लिए_बहुत_अहम_हैः_रूहानी
राष्ट्रपति रूहानी ने कहा है कि इराक़ में नई सरकार के गठन पर ख़ुशी जताते हुए कहा है कि इराक़ में राजनैतिक स्थिरता, क्षेत्र के लिए बहुत अहम है।
(last modified 2023-04-09T06:25:50+00:00 )
May १८, २०२० १५:१३ Asia/Kolkata
  • इराक़ में राजनैतिक स्थिरता, क्षेत्र के लिए बहुत अहम हैः रूहानी

राष्ट्रपति रूहानी ने कहा है कि इराक़ में नई सरकार के गठन पर ख़ुशी जताते हुए कहा है कि इराक़ में राजनैतिक स्थिरता, क्षेत्र के लिए बहुत अहम है।

डाॅक्टर हसन रूहानी ने सोमवार को इराक़ के राष्ट्रपति बरहम सालेह से टेलीफ़ोन पर बात करते हुए इस देश में नए मंत्रीमंडल के गठन पर ख़ुशी जताई और कहा कि इराक़ की राजनैतिक स्थिरता, इलाक़े के लिए अहम है और निश्चित रूप से यह प्रक्रिया, बग़दाद द्वारा क्षेत्र में अपनी अहम भूमिका को फिर से हासिल करने का मार्ग समतल करेगी। उन्होंने इराक़ी राष्ट्रपति को ईदे फ़ित्र की बधाई देते हुए कहा कि तेहरान की बुनियादी नीति, बग़दाद के साथ व्यापक संबंधों और सहयोग को मज़बूत बनाना है। राष्ट्रपति रूहानी ने कहा कि ईरान, पहले ही की तरह इराक़ी सरकार व राष्ट्र के साथ है और वह चाहता है कि इराक़ की संप्रभुता सुरक्षित रहे और बाहरी शक्तियां इस देश की जनता व सरकार के मामले में हस्तक्षेप न करें।

 

ईरान के राष्ट्रपति ने इस बात का उल्लेख करते हुए कि आज क्षेत्र के देशों को तेल के दाम मे कमी, कोरोना वायरस के व्यापक फैलाव, सुरक्षा संबंधी समस्याओं और सबसे बढ़ कर अपने आंतरिक मामलों में अमरीका के हस्तक्षेप जैसी अनेक कठिनाइयों का सामना है, कहा मित्र देशों व राष्ट्रों के बीच संबंधों व सहयोग में भरपूर विस्तार, समस्याओं को दूर करने में सहायक सिद्ध हो सकता है। डाॅक्टर हसन रूहानी ने ईरान व इराक़ के आर्थिक संबंधों व सहयोग के विस्तार को बहुत अहम बताया और कहा कि कोशिश की जानी चाहिए कि स्वास्थ्य विभाग के दिशानिर्देशों का पूरी तरह से पालन करते हुए दोनों देशों का व्यापारिक लेन-देन सभी सीमाओं से पहले ही की तरह बहाल हो जाए।

 

इस टेलीफ़ोनी वार्ता में इराक़ के राष्ट्रपति बरहम सालेह ने भी राष्ट्रपति रूहानी को ईदे फ़ित्र के उपलक्ष्य में बधाई देते हुए कहा कि तेहरान व बग़दाद के संबंध अच्छे स्तर पर हैं और दोनों पक्ष इन्हें और आपसी सहयोग को इससे ज़्यादा आगे ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। इराक़ के राष्ट्रपति ने क्षेत्र में बाहरी शक्तियों के विध्वंसक हस्तक्षेप की तरफ़ इशारा करते हुए कहा कि पश्चिमी एशिया का क्षेत्र अब और नए संकट सहन नहीं कर सकता इस लिए क्षेत्र में बाहरी हस्तक्षेप तुरंत ख़त्म होना चाहिए। (HN)