क्षेत्र की सुरक्षा अमरीका के आज्ञापालन से सुनिश्चित नहीं होगीः विदेश मंत्रालय
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने पश्चिमी एशिया के क्षेत्र के कुछ देशों को संबोधित करते हुए कहा है कि क्षेत्र की सुरक्षा अमरीका के आज्ञापालन से सुनिश्चित नहीं होगी।
सैयद अब्बास मूसवी ने मंगलवार को सऊदी अरब व बहरैन जैसे कुछ क्षेत्रीय देशों की ओर से ईरान पर लगाए जाने वाले निराधार आरोपों और हस्तक्षेपपूर्ण बयानों के जवाब में कहा है कि सऊदी अरब जैसे देश जो बरसों से अलक़ायदा व दाइश जैसे आतंकी गुटों का समर्थन करके क्षेत्र को अस्थिर करते चले आ रहे हैं, ईरान पर निराधार आरोप लगा रहे हैं जिसने अपने ज़िम्मेदारी भरे व्यवहार के साथ क्षेत्रीय देशों को आतंकी संगठनों से मुक्ति दिलाई है। प्रवक्ता ने कहा कि ईरान पर हथियारों का प्रतिबंध जारी रखने की अमरीकी मांग का उन देशों की ओर से समर्थन, जो पिछले पांच साल से हज़ारों लोगों का जिनमें यमन की महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, अमरीकी हथियारों से जनसंहार कर रहे हैं, एक कड़वा मज़ाक़ है जिसे विश्व समुदाय देख रहा है।
सैयद अब्बास मूसवी ने क्षेत्र में शांति, सुरक्षा व स्थिरता स्थापित करने का एकमात्र मार्ग, क्षेत्रीय सहयोग जारी रखना बताया और कहा कि अब समय आ गया है कि ये देश अपने मूर्खतापूर्ण बयानों और अमरीका के अंधे अनुसरण को बंद करें को ख़ुद पूरी दुनिया में अत्याचार व अन्याय का सबसे बड़ा प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इन देशों को समझ में आ जाना चाहिए कि अमरीका का आज्ञापालन करके क्षेत्र में शांति व सुरक्षा स्थापित नहीं की जा सकती। ज्ञात रहे कि सऊदी अरब के विदेश मंत्री ने अमरीका के उप विदेश मंत्री के साथ एक संयुक्त बयान में ईरान के ख़िलाफ़ घिसे पिटे दावों को दोहराते हुए इस देश के ख़िलाफ़ हथियारों के प्रतिबंध की समय सीमा बढ़ाए जाने की मांग की है। (HN)
ताज़ातरीन ख़बरों, समीक्षाओं और आर्टिकल्ज़ के लिए हमारा फ़ेसबुक पेज लाइक कीजिए!