ईदे ग़दीर, ईरान सहित विभिन्न देशों में जश्न+ वीडियो
इस्लामी गणतंत्र ईरान और विश्व के विभिन्न देशों में मुसलमानों के लिए एक महत्वपूर्ण ईद, ईदे ग़दीर मनाई जा रही है।
आज शनिवार और 18 ज़िलहिज्जा सन 1441 हिजरी क़मरी बराबर 08 अगस्त सन 2020 को " ग़दीरे खुम" की ईद है यह वह दिन है जब पैग़म्बरे इस्लाम (स) ने अपने अंतिम हज से वापसी के समय, ग़दीरे ख़ुम नामक क्षेत्र में औपचारिक रूप से हज़रत अली (स) को अपना उत्तराधिकारी घोषित किया था। इस दिन ईरान में पंरपरागत रूप से जश्न मनाया जाता है और विशेषकर धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं का जमावड़ा होता है। वैसे इस बार कोरोना की वजह से कई तरह के प्रतिबंधों के बावजूद मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए पवित्र नगर मशहद, क़ुम और इराक़ के पवित्र नगर नजफ़ में हज़ारों की संख्या में श्रद्धालु एकट्ठा हैं और इस महान ईद का जश्न परंपरागत तरीक़े से मना रहे हैं।
ईरान के पवित्र नगर मशहद में जहां हज़रत अली अलैहिस्सलाम के पोते, इमाम अली रज़ा अलैहिस्सलाम का रौज़ा है, दसियों हज़ार श्रद्धालु, ईरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे हैं। पूरे ईरान में जगह जगह मिठाइयां बांटी जा रही हैं और शर्बत पिलाया जा रहा है और लोग एक दूसरे को इस बड़ी ईद की बधाई दे रहे हैं। ग़दीर के अवसर पर और कोरोना महामारी को देखथे हुए ईरान के विभिन्न नगरों में सोशल मीडिया के माध्यम से विशेष सभाओं का आयोजन किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि ईदे ग़दीर का शिया मुसलमानों के निकट बहुत अधिक महत्व है और इसे सबसे बड़ी ईद के तौर पर मनाया जाता है। हम पार्स टुडे हिन्दी के सभी सदस्यों की ओर से अपने पाठकों और श्रोताओ को इस महान ईद की मुबारकबाद पेश करते हैं। (RZ)
ताज़ातरीन ख़बरों, समीक्षाओं और आर्टिकल्ज़ के लिए हमारा फ़ेसबुक पेज लाइक कीजिए!
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए