इराक़ में पकड़ी दवाओं को ईरानी बताने का दुश्मनों का षड्यंत्र
ईरान के खाद्य व दवा संगठन के प्रमुख ने इराक़ में पकड़ी गई दवाओं को ईरानी बताए जाने को इस्लामी गणतंत्र व्यवस्था के दुश्मनों काी एक अंतर्राष्ट्रीय साज़िश क़रार दिया है।
इराक़ के अधिकारियों ने हाल ही में बताया है कि देश में दवाओं से भरे हुए 19 ट्रक पकड़े गए हैं। ईरान के खाद्य व दवा संगठन के प्रमुख मुहम्मद रज़ा शाने साज़ ने बुधवार को पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि इराक़ में पकड़ी गई दवाएं किसी भी तरह ईरानी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना के फैलाव और अमरीका के ग़ैर क़ानूनी प्रतिबंधों के कारण ईरान अपने मरीज़ों के लिए आवश्यक दवाएं व चिकित्सा उपकरण ही बड़ी मुश्किल से उपलब्ध कर पा रहा है और ऐसे में इराक़ में पकड़ी गई दवाओं को ईरानी बताना, बड़े आश्चर्य की बात है।
उन्होंने इस बात का उल्लेख करते हुए कि इराक़ में पकड़ी गई दवाओं का ईरान से कोई लेना-देना नहीं है, कहा कि इस खेप में कुछ दवाएं ऐसी थीं जो विभिन्न देशों से ईरान के माध्यम से इराक़ भेजी गई थीं। ईरान के खाद्य व दवा संगठन के प्रमुख मुहम्मद रज़ा शाने साज़ ने बताया कि इनमें से कुछ दवाएं तुर्की से भेजी गई थीं जबकि कुछ भारत से आई थीं और ईरान के कस्टम विभाग में इसका ब्योरा मौजूद है। (HN)
ताज़ातरीन ख़बरों, समीक्षाओं और आर्टिकल्ज़ के लिए हमारा फ़ेसबुक पेज लाइक कीजिए!
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए