अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों के प्रति ओमान का संतुलित दृष्टिकोण सराहनीय है, तेहरान
ईरान के उप विदेश मंत्री सैय्यद अब्बास इराक़ची ने क्षेत्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों के प्रति ओमान के संतुलित दृष्टिकोण की सराहना की है।
इराक़ची ईरान-ओमान की संयुक्त परामर्श समिति की बैठक में भाग लेने ओमान की राजधानी मसक़त की यात्रा पर हैं।
ईरानी उप विदेश मंत्री ने मसक़त में ओमान के विदेश मंत्री सैय्यद बद्र अल-बूसईदी से मुलाक़ात की और महत्वपूर्ण द्विपक्षीय मुद्दों पर विचार विमर्श किया।
उन्होंने ईरान और ओमान के अधिकारियों के बीच निरंतर विचार विमर्श के महत्व पर बल देते हुए कहा कि वर्तमान समय में दोनों देशों के बीच परामर्श समिति की बैठक का आयोजन महत्वपूर्ण है।
ओमान के विदेश मंत्री अल-बूसईदी ने मसक़त और तेहरान के बीच बातचीत के महत्व का उल्लेख करते हुए आशा जताई कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में क्षेत्रीय देशों के बीच ज़्यादा से ज़्यादा समझ पैदा होगी।
उन्होंने दोनों देशों के संबंधों का ज़िक्र करते हुए कहा कि दोनों देश, व्यापार समेत विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग में विस्तार कर सकते हैं। msm