ईरान ने अमरीकी दूतावास पर हमले के आरोप को ख़ारिज कर दिया
बग़दाद स्थित अमरीकी दूतावास पर रॉकेट हमले के पीछे ईरान का हाथ होने के अमरीकी विदेश मंत्री के आरोपों को तेहरान ने निराधार बताते हुए ख़ारिज कर दिया है।
अमरीकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो के आरोपों को ख़ारिज करते हुए ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सईद ख़तीबज़ादे ने कहा कि तेहरान, किसी भी डिप्लोमेटिक मिशन पर हमले की निंदा करता है और क्षेत्र में अमरीकी सैन्य उपस्थिति अस्थिरता का कारण है।

सोमवार को एक ट्वीट के ज़रिए ख़तीबज़ादे ने कहा कि ईरान पर हमले का आरोप लगाकर पोम्पियो खुले आम तनाव पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।
रविवार को बग़दाद के ग्रीन ज़ोन स्थित अमरीकी दूतावास पर रॉकेट हमले के बाद पोम्पियो ने अपने ट्वीटर हैंडल पर ईरान समर्थित स्वयं सेवी बलों को हमले के लिए ज़िम्मेदार ठहराया था और दावा किया था कि इस हमले में कई इराक़ी नागरिक घायल हुए हैं और अमरीकी दूतावास परिसर को कुछ नुक़सान हुआ है।
ग़ौरतलब है कि 3 जनवरी 2019 को बग़दाद एयरपोर्ट के निकट अमरीकी ड्रोन हमले में आईआरजीसी की क़ुद्स फ़ोर्स के कमांडर जनरल सुलैमानी और हश्दुश्शाबी के डिप्टी कमांडर अल-मोहंदिस की शहादत के बाद से इराक़ से अमरीकी सैनिकों को बाहर निकालने की मांग ज़ोर पकड़ गई है।
5 जनवरी 2019 को इराक़ी संसद ने एक प्रस्ताव पारित करके सरकार से मांग की थी कि अमरीकी सैनिकों को तुरंत देश से बाहर निकाला जाए।
रविवार को अमरीकी दूतावास पर रॉकेट हमले के बाद, इराक़ी सेना ने एक बयान जारी करके कहा है कि एक ग़ैर क़ानूनी गुट ने बग़दाद के ग्रीन ज़ोन पर रॉकेट फ़ायर किए हैं। msm
ताज़ातरीन ख़बरों, समीक्षाओं और आर्टिकल्ज़ के लिए हमारा फ़ेसबुक पेज लाइक कीजिए!
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए