विघटन को रोकना सीरिया के भविष्य के लिए सबसे अहमः ईरान
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i9460-विघटन_को_रोकना_सीरिया_के_भविष्य_के_लिए_सबसे_अहमः_ईरान
ईरान के उपविदेश मंत्री ने सीरिया के विघटन की रोकथाम को इस देश के भविष्य के लिए सबसे महत्वपूर्ण बताया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Apr २७, २०१६ १४:५७ Asia/Kolkata
  • विघटन को रोकना सीरिया के भविष्य के लिए सबसे अहमः ईरान

ईरान के उपविदेश मंत्री ने सीरिया के विघटन की रोकथाम को इस देश के भविष्य के लिए सबसे महत्वपूर्ण बताया है।

हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियान ने बुधवार को तेहरान में अल्लामा तबातबाई यूनिवर्सिटी के क़ानून व राजनैतिक शास्त्र संकाय में सीरिया की स्थिति के बारे में आयोजित विशेष बैठक में कहा कि राष्ट्रीय एकता, सीरिया की संप्रभुता की रक्षा और इस देश को टुकड़े होने से रोकना, सीरिया के भविष्य के लिए सबसे अहम है।

उन्होंने सीरिया का समर्थन करने वाले 18 देशों पर आधारित अंतर्राष्ट्रीय गुट में ईरान की भूमिका की ओर इशारा करते हुए कहा कि ईरान, रूस, चीन, लेबनान, मिस्र और अलजीरिया सहित दूसरे देशों का मानना है कि सीरिया का भविष्य न्यूयॉर्क या वियना में तय नहीं होना चाहिए बल्कि यह सीरियाई जनता है जिसे अपने देश के बारे में फ़ैसला करने का अधिकार है।

ईरान के उपविदेश मंत्री ने कहा कि अमरीका, सऊदी अरब, फ़्रांस और ब्रिटेन, सीरिया की राजनैतिक प्रक्रिया से इस देश के राष्ट्रपति बश्शार असद को बाहर रखने की बात कहते हैं। वे ज़मीनी स्थिति के मद्देनज़र यह जानते हैं कि अगर असद चले गए तो सबसे पहले उनके स्थान पर दाइश का क़ब्ज़ा होगा।

हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियान ने दाइश के ख़िलाफ़ इस्लामी गणतंत्र ईरान की सुरक्षा व सैन्य संस्थाओं की सतर्कता का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय आतंकी इतने क़रीब आ गए थे कि वहां से ईरान की सीमा की दूरी सिर्फ़ 50 किलोमीटर रह गयी थी लेकिन सुरक्षा संस्थाओं की सतर्कता भरी कार्यवाही से वे ईरान की सीमाओं में दाख़िल न हो सके। (MAQ/N)