एकता और एकजुटता से ही अमरीकी वर्चस्ववाद का मुक़ाबला संभव हैः रूहानी
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i95386-एकता_और_एकजुटता_से_ही_अमरीकी_वर्चस्ववाद_का_मुक़ाबला_संभव_हैः_रूहानी
ईरान के राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने स्पष्ट किया है कि एकता और एकजुटता से ही अमरीकी वर्चस्ववाद का मुक़ाबला किया जा सकता है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Feb २१, २०२१ १९:४८ Asia/Kolkata
  • एकता और एकजुटता से ही अमरीकी वर्चस्ववाद का मुक़ाबला संभव हैः रूहानी

ईरान के राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने स्पष्ट किया है कि एकता और एकजुटता से ही अमरीकी वर्चस्ववाद का मुक़ाबला किया जा सकता है।

डा. हसन रूहानी ने यह बात तुर्की के राष्ट्रपति से टेलिफोन वार्ता में कही।  ईरान के राष्ट्रपति ने रविवार को तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोग़ान से कहा कि अमरीका की विस्तारवादी एवं एकपक्षीय कार्यवाहियों का मुक़ाबला बहुत ही सरलता से एकता से किया जा सकता है।उन्होंने कहा कि वे देश जो अमरीकी प्रतिबंधों का दंश झेल रहे हैं वे एक साथ होकर उसको सबक़ सिखा सकते हैं।

राष्ट्रपति रूहानी ने ईरान और तुर्की को क्षेत्र के दो महत्वपूर्ण एवं प्रभावी देश बताते हुए दोनों से संयुक्त चुनौतियों का मिलकर मुक़ाबला करने का आह्वान किया।  उन्होंने अमरीका की पिछली सरकार के ग़ैर क़ानूनी व्यवहार की ओर संकेत करते हुए बल दिया कि प्रतिबंधों को हटाए जाने की हमारी मांग क़ानूनी और तार्किक है।  हसन रूहानी का कहना है कि ईरान की स्ट्रैटेजी, सामने वाले पक्ष की कार्यवाही के हिसाब से होगी।

इस टेलिफोन वार्ता में तुर्की के राष्ट्रपति अर्दोग़ान ने ईरान और तुर्की के बीच हर क्षेत्र विशेषकर व्यापार के क्षेत्र में अधिक विस्तार पर बल दिया।