तकफ़ीरी आतंकवाद को फिर से पैर पसारने नहीं देंगेः तेहरान
ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा की उच्च परिषद के सचिव ने कहा है कि तेहरान सहित आतंकवाद विरोधी दूसरे देश, क्षेत्र में पुनः तकफ़ीरी आतंकवादी को फैलने नहीं देंगे।
अली शमख़ानी ने शनिवार को तेहरान में इराक़ के विदेशमंत्री के साथ भेंट में अमरीका की ओर से इराक़ में की गई कार्यवाही की ओर संकेत किया। उन्होंने कहा कि इराक़ से विदेशी सैनिकों को निकाल बाहर करने के संसद के क़ानून को पारित करने में विलंब ही तनाव एवं संकट के बढ़ने का कारण बना है।
अली शमख़ानी का कहना था कि आज इराक़ कुशल धार्मिक नेतृत्व, राजनेताओं की दूरदर्शिता और प्रतिरोधक गुटों के प्रतिरोध के कारण गौरान्वित है। उन्होंने कहा कि इसकी सुरक्षा की जानी चाहिए। उन्होंने बल देकर कहा कि इराक़ में अमरीका की हालिया कार्यवाही दाइश की गतिविधियों को बढ़ाने के उद्देश्य से की गई।
ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा की उच्च परिषद के सचिव अली शमख़ानी ने अत्याचार ग्रस्त यमनियों की स्थति की ओर संकेत करते हुए यमन युद्ध को समाप्त कराने के लिए अपनी तत्परता की घोषणा की।
इस भेंटवार्ता में इराक़ के विदेशमंत्री ने कहा कि शांति की स्थापना, बग़दाद की प्राथमिकता में है क्योंकि वह वर्षों से आतंकवाद का दंश झेल रहा है। उन्होंने ईरान के क़र्ज़ को चुकाने के लिए दोनो देशों के अधिकारियों के बीच हुए समझौते की ओर संकेत करते हुए कहा कि इस मार्ग की कुछ बाधाओं को हटा लिया गया है और जल्द ही इराक़ की ओर से भुगतान का काम शुरू हो जाएगा।