सीरिया में अमरीकी सैन्य हस्तक्षेप पर ईरान की प्रतिक्रिया
ईरान के रक्षामंत्री ने सीरिया में अमरीका की सैन्य उपस्थिति को अन्तर्राष्ट्रीय नियमों का खुला उल्लंघन बताया है।
ब्रिगेडियर जनरल हुसैन देहक़ान ने शुक्रवार को अलआलम टीवी चैनेल को दिये अपने साक्षात्कार में कहा कि अमरीका की ओर से सीरिया में सैनिक भेजना, खुला हस्तक्षेप और अन्तर्राष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन है।
ईरान के रक्षामंत्री ने क्षेत्र को अशांत करने के लिए अमरीका, सऊदी अरब, क़तर और कुछ क्षेत्रीय देशों की ओर से आतंकवादियों के समर्थन की कड़ी आलोचना की। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान समय में अमरीकी, ज़ायोनी और अरब गठजोड़ का एक षडयंत्र क्षेत्र में चल रहा है।
रक्षामंत्री हुसैन देहक़ान ने बल देकर कहा कि प्रतिरोध के केन्द्र के विरुद्ध अमरीका और सऊदी अरब ने प्राॅक्सी वार या छद्धम युद्ध छेड़ रखा है और वे सीरिया में अपने हित साधने के प्रयास में हैं।
उन्होंने कहा कि ईरान, सीरिया के भीतर शांति की स्थापना के लिए प्रयासरत है।