ईरानी जहाज़ पर हमले में इस्राईल का हाथ होने की संभावना
एक ईरानी जांचकर्ता का कहना है कि भूमध्य सागर में एक ईरानी कार्गो जहाज़ पर हमले के पीछे इस्राईल का हाथ होने की अत्यधिक संभावना है।
इस्राईली अधिकारियों ने 10 मार्च को हुए इस हमले के बारे में कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।
कंटेनर शिप शहरे कुर्द एक विस्फ़ोटक डिवाइस से टकरा गया था, जिसके बाद उसके एक भाग में आग लग गई थी, लेकिन इस हमले में जहाज़ के स्टाफ़ को कोई नुक़सान नहीं पहुंचा था।
दो समुद्री सुरक्षा स्रोतों का कहना था कि शुरुआती रिपोर्टों से इस बात के संकेत मिलते हैं कि जहाज़ को जानबूझकर किसी अज्ञात स्रोत से निशाना गया है।
इस घटना की जांच करने वाले ईरानी दल के एक अनाम सदस्य के हवाले से नूर न्यूज़ ने रिपोर्ट दी है कि भौगोलिक स्थिति और जहाज़ को जिस तरह से निशाना बनाया गया है, उसे देखते हुए इस बात की प्रबल संभावना है कि इस आतंकवादी कार्यवाही में ज़ायोनी शासन का हाथ है।
शनिवार को ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सईद ख़तीबज़ादे ने कहा था कि इस विध्वंसकारी कार्यवाही में शामिल तत्वों की पहचान करना हमारे एजेंडे में शामिल है। msm