इराक़ी राष्ट्र को मानवताप्रेम की दृष्टि से देखने की ज़रूरत
विदेश मंत्री ने कहा है कि क्षेत्र से बाहर की शक्तियां इराक़ को रणनैतिक दृष्टि से देखती हैं।
मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने शनिवार को तेहरान में इराक़ के मामलों में संयुक्त राष्ट्र संघ के विशेष प्रतिनिधि यान कोबीश से मुलाक़ात में कहा कि क्षेत्र से बाहर की शक्तियां इराक़ को इराक़ी सरकार व राष्ट्र की दृष्टि से नहीं बल्कि क्षेत्र के परिप्रेक्ष्य में रणनैतिक दृष्टि से देखती हैं और इसी कारण इराक़ी राष्ट्र की समस्याओं के बारे में मानवताप्रेम की दृष्टि हाशिये पर चली जाती है। उन्होंने इराक़ के आर्थिक व सुरक्षा संबंधी संकटों के बारे में कहा कि क्षेत्रीय देशों और संयुक्त राष्ट्र संघ को इराक़ की मदद करनी चाहिए ताकि समस्याओं से बाहर निकलने के लिए इराक़ी जनता के समक्ष कोई तर्कसंगत मार्ग निकल आए। ईरान के विदेश मंत्री ने आतंकवाद और आतंकी गुटों विशेष कर दाइश से संघर्ष को इराक़ मेें सबसे बड़ी प्राथमिकता बताया और कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान इस प्रक्रिया में मदद के लिए तैयार है।
इस मुलाक़ात में इराक़ के मामलों में संयुक्त राष्ट्र संघ के विशेष प्रतिनिधि यान कोबीश ने इराक़ की ताज़ा स्थिति विशेष कर संयुक्त राष्ट्र संघ के प्रयासों से राजनैतिक, सुरक्षा व आर्थिक क्षेत्रों में आने वाले परिवर्तनों के बारे में एक रिपोर्ट पेश की और इस संबंध में इस्लामी गणतंत्र ईरान की भूमिका को अत्यंत सार्थक बताया। (HN)