ईरान में राष्ट्रपति चुनाव, दौड़ में कई महारथी शामिल
ईरान में राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए आज आख़िरी दिन कई जाने माने लोगों ने अपना नामांकन करवाया।
ईरान प्रेस के अनुसार देश के राष्ट्रपति पद के 13वें चुनाव में भाग लेने के उद्देश्य से शनिवार 15 मई को जिन लोगों ने अपना नामांकन करवाया उनमें से एक वर्तमान उप राष्ट्रपति इस्हाक़ जहांगीरी थे। उनके अतिरिक्त पूर्व संसद सभापति अली लारीजानी ने भी राष्ट्रपति पद की दौड़ से स्वयं को अलग नहीं रखा।
इन दोनों के अतिरिक्त पूर्व शहरी विकास मंत्री अब्बास आख़ुंदी भी शनिवार को अपना नामांकन कराने पहुंचे। पूर्व सांसद मसूद पिज़िश्कियान ने भी चुनाव आयोग पहुंचकर आगामी राष्ट्रपति पद के चुनाव में प्रत्याशियों की सूचि में स्वयं को शामिल करवाया।
ईरान के भूतपूर्व राष्ट्रपति रफ़संजानी के बेटे मोहसिन हाशिमी, पूर्व राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद, न्यायपालिका प्रमुख इब्राहीम रईसी ने भी 13वें राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए प्रत्याशियों की सूचि में अपना नाम दर्ज करवाया।
राष्ट्रपति पद के प्रत्याशियों द्वारा अपना नामांकन कराने के बाद उनके नामों की समीक्षा करके गार्जियन काउंसिल 5 दिनों के पश्चात, योग्य प्रत्याशियों के नामों की घोषणा करेगी। 18 जून 2021 को ईरान में 13वें राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव कराए जाएंगे।