अमरीका का यमन पर अतिक्रमणः अंसारुल्लाह
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i10639-अमरीका_का_यमन_पर_अतिक्रमणः_अंसारुल्लाह
यमन के अंसारुल्लाह आंदोलन की उच्च समिति ने कहा है कि इस देश की जनता यमन में अमरीका के किसी भी बहाने से अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं करेगी।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
May ०७, २०१६ १२:३५ Asia/Kolkata
  • अमरीका का यमन पर अतिक्रमणः अंसारुल्लाह

यमन के अंसारुल्लाह आंदोलन की उच्च समिति ने कहा है कि इस देश की जनता यमन में अमरीका के किसी भी बहाने से अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं करेगी।

यमन के अलमसीरा टीवी चैनल के अनुसार, यमन के जनांदोलन अंसारुल्लाह की उच्च क्रान्तिकारी समिति ने एक बयान में कहा है कि यमनी जनता, सेना और स्वंयसेवी बल अपने देश में किसी भी बहाने अमरीका के अतिक्रमण को सहन नहीं करेंगे। इसी प्रकार इस समिति ने अमरीका के अतिक्रमण और उसके लिए संयुक्त राष्ट्र संघ सहित विश्व के देशों की ख़ामोशी को ज़िम्मेदार बताया।

यमन की उच्च कमेटी ने कहा कि अमरीकी सैनिकों ने ऐसी स्थिति में यमन के दक्षिणी भाग में अलअनद हवाई छावनी पर अतिक्रमण किया है कि जब कुवैत में यमन पर अतिक्रमण व नाकेबंदी की समाप्ति और यमनी जनता को स्वतंत्रता व स्वाधीनता का अधिकार दिलाने के लिए राजनैतिक कोशिश जारी है।

यमनी सूत्रों ने बताया कि अमरीकी सेना का एक विमान दक्षिणी यमन की अलअनद छावनी पर उतरा जिसमें अमरीकी सैनिक सवार थे।

यमन के अंसारुल्लाह आंदोलन की क्रान्तिकारी कमेटी ने अमरीका के अतिक्रमण को इस देश के आंतरिक मामले में दीर्घकालिक व साम्राज्यवादी हस्तक्षेप का क्रम बताया। इस क्रान्तिकारी कमेटी ने बल दिया कि यमन की जनता, राष्ट्रीय स्वतंत्रता, स्वाधीनता व संप्रभुता की प्राप्ति और विदेशी हस्तक्षेप व वर्चस्व से देश को आज़ाद कराने के लिए क्रान्ति लायी है। (MAQ/N)